बिहार में 70 लाख का नेपाल से आया गांजा पकड़ाया, स्कॉर्पियो सहित तीन तस्करों को वैशाली पुलिस ने दबोचा
वैशाली पुलिस ने 132 किलो गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया. नेपाल से आई खेप का संगठित गिरोह पकड़ा गया. पढ़ें खबर-

Published : April 17, 2026 at 2:48 PM IST
वैशाली: बिहार के वैशाली में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की गई है. पुलिस ने 132 किलो से अधिक गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 60 से 70 लाख रुपये बताई जा रही है. इस कार्रवाई में एक स्कॉर्पियो गाड़ी भी जब्त की गई है.
पटना एसटीएफ के इनपुट पर घेराबंदी: पटना एसटीएफ की सूचना पर वैशाली पुलिस ने बिदुपुर थाना क्षेत्र में त्वरित कार्रवाई की. सीतामढ़ी जिले के रहने वाले मोहम्मद शमशीर और मोहम्मद फजान 132 किलो से अधिक गांजा लेकर वैशाली पहुंचे थे. वे वैशाली के बिदुपुर निवासी रवि कुमार के साथ मिलकर महनार इलाके में डिलीवरी देने जा रहे थे. पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को गाड़ी सहित गिरफ्तार कर लिया.
नेपाल से आई थी गांजे की खेप: वैशाली के एसपी विक्रम सिहाग ने बताया कि बरामद गांजे की यह खेप नेपाल से लाई गई थी. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि यह एक संगठित गिरोह का हिस्सा है, जो पहले भी इस इलाके में मादक पदार्थों की तस्करी का काम कर चुका है. पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है.
संगठित गिरोह का खुलासा: पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे लंबे समय से इस क्षेत्र में तस्करी के नेटवर्क को संचालित कर रहे थे. पुलिस को उम्मीद है कि गिरफ्तार तस्करों से मिली जानकारी के आधार पर पूरे गिरोह को ध्वस्त किया जा सकेगा. इस कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया है.
विशेष अभियान जारी रहेगा: वैशाली पुलिस का विशेष अभियान मादक पदार्थों की तस्करी को पूरी तरह से समाप्त करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है. एसपी विक्रम सिहाग ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है और ऐसी कार्रवाइयां भविष्य में भी जारी रहेंगी.
"गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि मादक पदार्थ की तस्करी का यह एक संगठित गिरोह है, जो पहले भी इस इलाके में तस्करी का काम करते रहे है. गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ कर गिरोह में शामिल अन्य तस्करों के बारे में पता लगाकर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है."-विक्रम सिहाग, एसपी, वैशाली
समाज पर नशे का बुरा प्रभाव: गांजा जैसी मादक पदार्थों की तस्करी युवाओं को नशे की लत में धकेल रही है, जो समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है. पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से विस्तृत पूछताछ कर रही है. अन्य संदिग्धों और तस्करी के पूरे रैकेट का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी गई है. इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें-
'बिना FSL रिपोर्ट के जब्त पदार्थ को 'गांजा' मान लेना कल्पना से परे है', पटना HC का महत्वपूर्ण फैसला
पटना में बड़ी कार्रवाई, साढ़े 15 लाख कैश और 58KG गांजा के साथ 6 गिरफ्तार
बिहार में 70 लाख का गांजा जब्त, देसी जुगार के साथ हो रही थी तस्करी

