ETV Bharat / state

प्राइवेट गाड़ी.. होटल में लंच.. पुलिस कस्टडी में रील! अपराधी के 'रॉयल खातिरदारी' पर 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड

मधेपुरा में गिरफ्तार अपराधी का हथकड़ी के साथ निजी वाहन में यात्रा और होटल में खाने का वीडियो वायरल हुआ है. तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड हुए.

VIP treatment criminal
बिहार में अपराधी का स्वैग (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : March 3, 2026 at 3:30 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

मधेपुरा: बिहार के मधेपुरा में कानून-व्यवस्था को लेकर पहले से उठ रहे सवालों के बीच एक ताजा मामला चर्चा का केंद्र बन गया है. शंकरपुर थाना कांड संख्या 240/25 के नामजद अभियुक्त शंकरपुर प्रखंड के मधेली वार्ड संख्या 13 निवासी अंकज कुमार उर्फ लल्लू यादव की गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है.

एसपी ने की कार्रवाई: मामले में पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह ने कार्रवाई करते हुए तीन पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. साथ ही विभागीय कार्रवाई के विरूद्ध 24 घंटा के अंदर स्पष्टीकरण मांगा गया है.

गिरफ्तारी से पेशी तक का बनाया रील: बताया जा रहा है कि शनिवार को शंकरपुर पुलिस ने अंकज कुमार उर्फ लल्लू यादव को मधेली गांव से गिरफ्तार किया था. थाना लाकर कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसी दिन जेल भेज दिया गया, लेकिन थाना से लेकर न्यायालय तक की यात्रा के दौरान के कई रील्स इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे हैं.

होटल में खाया खाना: इंटरनेट मीडिया पर एक आईडी से अपलोड रील में देखा जा रहा है कि अभियुक्त को हथकड़ी के साथ पुलिस वाहन की जगह निजी वाहन में बैठाया गया. साथ ही रास्ते में होटल में पुलिस के साथ भोजन भी किया गया. हाथ में हथकड़ी लेकर खुद अपराधी वीडियो बनवाते नजर आ रहा हैा. दबंग छवि प्रस्तुत करने के लिए कई गानों पर रील अपलोड की गई है.

सुपौल के कई थानों में आपराधिक मामले दर्ज: वायरल वीडियो में पुलिस अधिकारी के साथ कई पुलिसकर्मी भी दिखाई दे रहे हैं. यह दृश्य आम लोगों में चर्चा व असंतोष का कारण बना हुआ है. जानकारी के अनुसार अंकज कुमार उर्फ लल्लू यादव पर मधेपुरा जिले के शंकरपुर थाना सहित सुपौल जिले के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.

शिक्षक हत्याकांड का नामजद अभियुक्त: वर्ष 2020 में मधेली निवासी चर्चित शिक्षक राम बाबू हत्याकांड में भी वह नामजद अभियुक्त रह चुका है. हत्या, लूट समेत अन्य गंभीर मामलों में उनका नाम सामने आता रहा है. गिरफ्तारी के बाद भी इंटरनेट मीडिया पर रील अपलोड किए जाने से यह संदेश जा रहा है कि कानून का भय समाप्त हो चुका है.

अपराधी के वीआईपी ट्रीटमेंट पर सवाल: स्थानीय लोगों का कहना है कि जब अपहरण, हत्या, लूट, डकैती एवं दुष्कर्म जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हो, तब इस प्रकार का दृश्य पुलिस की छवि को कमजोर करता है. जिले में पुलिस का अपराधियों के साथ वीआईपी ट्रीटमेंट की चर्चा जोरों पर है.

एसपी का बयान: मामले में पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह ने बताया कि दो मार्च को पुलिसकर्मी द्वारा एक व्यक्ति को हथकड़ी रस्सा लगाए हुए उजला रंग के वाहन से ले जाते हुए एवं होटल में एक साथ बैठकर खाना खाते हुए इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ है. वायरल वीडियो की जांच सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रवेंद्र भारती से कराई गई.

"एसडीपीओ प्रवेंद्र भारती द्वारा जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रहे तीन पुलिस कर्मियों की पहचान हुई, जो शंकरपुर थाना के हैं. जिसमें पुलिस पदाधिकारी सअनि रामउदय कुमार, चौकीदार अनील कुमार और मो. रसूल शामिल हैं. तीनों पुलिस कर्मी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है. साथ ही विभागीय कार्रवाई के विरुद्ध 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण मांगा गया है."- संदीप सिंह, एसपी, मधेपुरा

अमर्यादित कृत्य से पुलिस की छवि धूमिल:एसपी ने बताया कि तीनों पुलिस कर्मी शंकरपुर थाना कांड संख्या-240/25 के प्राथमिक अभियुक्त को 28 फरवरी को गिरफ्तारी के बाद न्यायालय में उपस्थापन के लिए ले जा रहे थे. इसी दौरान अभियुक्त के निजी वाहन से मधेपुरा पहुंचकर होटल में अभियुक्त के साथ बैठकर खाना खाया. तीनों पुलिस कर्मी का इस प्रकार के अमर्यादित कृत्य से पुलिस की छवि धुमिल हुई है, जो किसी भी दृष्टिकोण से स्वीकार्य नहीं है.

ये भी पढ़ें

बिहार में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा करोड़ों का पुल, ढलाई के दौरान ही भरभराकर गिरा, 3 इंजीनियर सस्पेंड

बिहार में 4 शिक्षकों को डीईओ ने किया निलंबित, जानें क्यों?

गिद्धौर थानाध्यक्ष निलंबित, डॉक्टर के घर लूटकांड पर SP का एक्शन