चित्रकूट में सड़क हादसे में मासूम समेत तीन की मौत; दो बाइकों की आमने-सामने भीषण टक्कर, एक घायल
थाना प्रभारी निरीक्षण श्री प्रकाश यादव ने सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : March 1, 2026 at 6:08 PM IST
चित्रकूट : जनपद के मानिकपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में एक मासूम सहित तीन लोगों की मौत हो गई. घटना गांव ऐलहा बड़ैया मुख्य सड़क स्थित मराठी पुल के पास की है, जहां दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर से एक बड़ा हादसा हो गया है.
पुलिस के मुताबिक, ऐलहा निवासी शिवमूरत रैदास बाजार से खरीदारी कर अपनी बाइक से मानिकपुर से अपने गांव ऐलहा लौट रहे थे. मध्य प्रदेश के रीवा जनपद के थाना डभौरा क्षेत्र अंतर्गत जतरी निवासी धनीलाल उर्फ डुग्गीलाल अपने चचेरे भाई संतु, पत्नी रूबी तथा दो मासूम बच्चों प्रियांशु (1) और देवांशु (5) के साथ विवाह समारोह में शामिल हो कर वापस अपने घर जा रहे थे. तभी तेज रफ्तार बाइकों की आपस में भिड़ंत हो गई.
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चालक धनीलाल गंभीर रूप से घायल हो गये. राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानिकपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने धनीलाल को मृत घोषित कर दिया. गंभीर रूप से घायल शिवमूरत और मासूम प्रियांशु का प्राथमिक इलाज कर दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही दोनों की मौत हो गई. जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया गया. घायल संतु का इलाज अस्पताल में चल रहा है.
थाना प्रभारी निरीक्षण श्री प्रकाश यादव ने तीनों मौतों की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि हादसे की वजह प्रथम दृष्टया बाइकों का तेज रफ्तार होना और बिना हेलमेट का बाइक चलाना बताया गया है.
यह भी पढ़ें : फतेहपुर में सड़क हादसा; शादी में शामिल होने जा रहे तीन सगे भाइयों की मौत, दो अन्य की हालत नाजुक

