डूंगरपुर सड़क हादसा: शादी समारोह से लौट रहे शिक्षक दंपती समेत तीन की मौत, 14 बच्चे हुए अनाथ
हादसा डूंगरपुर शहर से आगे बोरी मोड़ के पास हुआ. बाइक की आगे जा रहे ट्रोले से टक्कर हो गई.

Published : February 20, 2026 at 3:10 PM IST
डूंगरपुर: कोतवाली थाना क्षेत्र में बोरी गांव के पास गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में शिक्षक दंपती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल भाभी ने उदयपुर अस्पताल में दम तोड़ दिया. तीनों हिराता गांव में शादी समारोह से वापस घर लौट रहे थे. परिवार में एक साथ तीन मौतों से मातम का माहौल है. इस हादसे में चौदह बच्चों के सिर से उनके माता-पिता का साया उठ गया.
कोतवाली थाना एसआई रमेशचंद्र ने बताया कि ढेड़को का वेला निवासी मगनलाल (50) पुत्र कमलाशंकर खराड़ी प्राइमरी स्कूल पारगी फला नेगाला में सरकारी शिक्षक हैं. मगनलाल के ससुराल हिराता में एक शादी समारोह होने के कारण वह अपनी पत्नी विमला खराड़ी (45) और चचेरी भाभी ललिता (45) पत्नी विश्राम खराड़ी के साथ तीनों एक ही बाइक से गए थे. गुरुवार देर शाम को तीनों शादी समारोह के बाद वापस गांव ढेड़को का वेला लौट रहे थे.
पढ़ें: डूंगरपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: ऑटो पलटने से दो मासूम बच्चों की मौत, 8 लोग घायल
उन्होंने बताया कि गुरुवार रात करीब 8 बजे डूंगरपुर शहर से आगे बोरी मोड़ के पास आगे जा रहे ट्रोले से बाइक की पीछे से जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में टीचर मगनलाल और उसकी पत्नी विमला देवी के हाथ, पैर और सिर में गंभीर चोटें आने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. डूंगरपुर अस्पताल में डॉक्टर ने जांच के बाद पति-पत्नी को मृत घोषित कर दिया, जबकि चचेरी भाभी ललिता को गंभीर हालत में डूंगरपुर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर कर दिया गया. उदयपुर में इलाज के दौरान ललिता खराड़ी की भी मौत हो गई. तीनों के शवों का डूंगरपुर अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई.

दोनों के 7-7 बच्चों से माता-पिता का साया उठा: टीचर मगनलाल और उनकी पत्नी के 7 बच्चे हैं. 3 बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि 2 बेटियां और 2 बेटे और हैं. वहीं, चचेरी भाभी ललिता खराड़ी के भी 7 बच्चे हैं. पति विश्राम खराड़ी की 3 साल पहले ही मौत हो गई थी. इसके बाद मां ललिता ही बच्चों की परवरिश कर रही थी, लेकिन इस हादसे में अब मां की मौत से दोनों परिवारों के बच्चों से माता-पिता का साया उठ गया है.

