अछल्दा नहर हादसा; परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप, माता-पिता और बेटे की हुई थी मौत
जिलाधिकारी इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 27, 2026 at 8:27 AM IST
औरैया: 18 फरवरी 2026 को अछल्दा थाना क्षेत्र के तुरुकपुर गांव के पास निचली गंग नहर में कार गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई थी. यह परिवार दिबियापुर से कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहा था. तभी इनकी कार नहर में समा गई और दंपति सहित तीन की मौत हो गई.
मृतकों के परिजनों ने अब प्रशासन, सिंचाई विभाग पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं. परिजनों का साफ कहना है कि नहर के किनारे न तो कोई संकेतक है, न ही रोकने के कोई उपाय किए गए हैं. ऐसे में रात के समय किसी के साथ भी हादसा हो सकता है.
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल: परिजनों का आरोप है कि नहर किनारे सड़क पर किसी प्रकार की सुरक्षा रेलिंग, संकेतक बोर्ड या बैरिकेडिंग नहीं थी. नहर की पटरी भी ठीक से निर्मित नहीं थी.
अंधेरा होने और सुरक्षा उपायों की कमी के कारण वाहन सीधे नहर में पलट गया. घटना के बाद सिंचाई विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
प्रशासन से कार्रवाई की मांग: जिलाधिकारी इंद्रमणि त्रिपाठी से परिजनों ने मुलाकात की है और उचित मुआवजे की मांग की है. साथ ही यह भी कहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नहर किनारे पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था कराए जाएं.
जिलाधिकारी इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. जो भी सुझाव मिल रहे हैं, उस पर भी अमल किया जाएगा, ताकि ऐसी घटना फिर न होने पाए.
परिवार की नाराजगी: मृतक राजीव कुमार गुप्ता के बेटे सूर्य मोहन पोरवाल ने बताया कि घटना के समय वह मौके पर नहीं पहुंच पाए थे. उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया था कि उनके माता-पिता का पोस्टमार्टम उनके पहुंचने के बाद कराया जाए, ताकि अंतिम दर्शन कर सकें.
उनकी बात नहीं मानी गई और निर्धारित समय पर ही पोस्टमार्टम कर दिया गया. इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असामयिक मृत्यु ने सभी को स्तब्ध कर दिया है. परिजन न्याय और कार्रवाई की मांग को लेकर प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं.
माता-पिता और बेटे की मौत: 18 फरवरी 2026 को अछल्दा थाना क्षेत्र के तुरुकपुर गांव के पास निचली गंग नहर में हुए हादसे में मृतकों की पहचान मोतीगंज निवासी राजीव कुमार गुप्ता (60), उनकी पत्नी मधु गुप्ता (55) और उनके बेटे शुभम पोरवाल (27) के रूप में हुई थी.
हादसा रात में ही हुआ था, लेकिन ग्रामीणों ने अगले दिन सुबह कार देखी और फिर पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया था, लेकिन तीनों की नहर में डूबकर पहले ही मौत हो चुकी थी.

