ETV Bharat / state

बिहार में दर्दनाक हादसा, करंट लगने से तीन लोगों की हुई मौत

बिहार में एक बार फिर से बिजली की चपेट में आने से लोगों की जान चली गई. आज तीन लोगों ने दम तोड़ दिया.

ELECTRIC SHOCK IN GAYA
कॉसेप्ट फोटो (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : December 23, 2025 at 5:04 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

गया : मंगलवार को गयाजी में एक दर्दनाक दुर्घटना में तीन युवकों की मौत हो गई. तीनों मृतक एक ही गांव के रहने वाले बताए जाते हैं. घटना गया जिले के खिजरसराय प्रखंड के ऊचौली पंचायत के खेड़ा गांव में घटी है. बताया जा रहा है कि बिजली के करंट की चपेट में आने से गांव के तीन युवकों की मौत हो गई, घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है. इस घटना के बाद बिजली विभाग की लापरवाही भी सामने आई है.

गया में दर्दनाक हादसा : मृतकों की पहचान गोलू यादव (उम्र 28 साल), नीतीश यादव (उम्र 27 साल) और राजा यादव (उम्र 22 साल) के तौर पर हुई है. तीनों मृतक में दो मृतक एक ही परिवार से संबंध रखते हैं. नीतीश और गोलू यादव चचेरे भाई हैं जबकि राजा यादव दूर के रिश्तेदार होने के साथ नीतीश और गोलू यादव का दोस्त भी था. घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है.

11 हजार वोल्ट के तार गिरने से हुई मौत : गांव के ही प्रत्यक्षदर्शी अवधेश कुमार अनुसार, नीतीश के घर के पास से गुजर रहे 11 हजार का बिजली का तार अचानक टूट कर जमीन पर गिर गया. नीतीश और गोलू एक साथ बैठ कर आग ताप रहे थे, तभी तार के जमीन पर गिरने से करंट फैल गया.

''जमीन गीली होने के कारण करंट का प्रवाह हुआ. जिससे गोलू यादव बुरी तरह से झुलस गया. गोलू को तड़पते देख उसे बचाने के लिए उसका चचेरा भाई नीतीश यादव पहुंचा लेकिन वह भी करंट की चपेट में तब तक आ गया.''- अवधेश कुमार, प्रत्यक्षदर्शी

दोस्त को बचाने में हुई मौत : गांव के ही उमेश यादव ने बताया कि दोनों को झुलसते देख नीतीश यादव का दोस्त राजा यादव बचाने के लिए दौड़ा. हालांकि पहली बार वो भी जद में आया था जिससे वो काफी दूर जाकर गिरा था लेकिन अपने दोस्तों को झुलसते देखकर वो बचाने की कोशिश करने लगा, लेकिन इसी दौरान वो भी बिजली की चपेट में आ गया. कुछ ही सेकेंड में झुलसकर तीनों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई.

मौके पर पहुंची पुलिस : बिजली विभाग को सूचना दी गई. इसके बाद पुलिस को भी जानकारी दी गई. घटना की सूचना मिलने के बाद खिजरसराय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया.

''तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा जा रहा है. पूरे मामले की पुलिस जांच कर रही है.''- दीपक कुमार, थाना अध्यक्ष

पहले तार बदलने की लगाई गई थी गुहार : ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है. मृतकों के परिजनों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से बिजली के तार जर्जर अवस्था में है. जिसकी शिकायत कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से की गई , लेकिन बिजली विभाग ने इस और कोई ध्यान नहीं दिया. जिसके कारण इतनी बड़ी घटना घटी है. गांव के लोगों ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग भी की है.

ये भी पढ़ें :-

रामनवमी की खुशियों में मातम, गया में दो बच्चों की दर्दनाक मौत, एक ने भागकर बचाई जान

गया में बाप-बेटी की मौत, पिता को लगा करंट तो बचाने गई बेटी, दोनों की चली गई जान

'छोटे का जन्मदिन, बड़े भाई की मौत', कोटा में मेडिकल की तैयारी कर रहे छात्र की करंट लगने से गई जान