पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर बोलेरो पलटने से तीन की मौत; टायर फटने से हुआ हादसा, 7 लोग घायल
थाना प्रभारी लोनी कटरा अभय कुमार मौर्या ने बताया कि घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर किया गया है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : March 1, 2026 at 8:30 PM IST
बाराबंकी : यूपी के बाराबंकी में रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग बुरी तरह जख्मी हो गए. सभी घायलों को लखनऊ इलाज के लिए भेजा गया है. कार का टायर फटने की वजह से हादसा हुआ है. सभी लोग लखनऊ सत्संग में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहे थे.
थाना प्रभारी लोनी कटरा के मुताबिक, अयोध्या के कुमारगंज निवासी कुछ लोग लखनऊ में एक सत्संग में शामिल होने गए थे. रविवार को एक बोलेरो से ये लोग पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से वापस हो रहे थे. जैसे ही कार लोनी कटरा थाने के नेरा कबूलपुर के करीब पहुंची कि कार का पिछला बायां टायर फट गया.
टायर फटने से कार करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई. कार सवार जब तक कुछ समझ पाते कि गाड़ी पलट गई. कार में दर्जन भर लोग सवार थे. चीख पुकार सुनकर आस-पास के लोग दौड़े और घायलों को गाड़ी से निकाला. सूचना पर पहुंची लोनी कटरा थाने की पुलिस ने सभी घायलों को लखनऊ के गोसाईगंज सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया. बाकी के घायलों को प्राथमिक उपचार देकर उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया.
मृतकों की शिनाख्त अयोध्या जिले के इनायतनगर थाना क्षेत्र के देवीपुर निवासी शांति, रेखा देवी और बाबूराम के रूप में हुई है, जबकि इनायतनगर थाना क्षेत्र के सुक्खा पुरवा निवासी बोलेरो चालक अजीत कुमार, देवी पुर निवासी वंश बहादुर, राजकुमार, निर्मला, श्यामकली, इन्द्रपति, पांडेय पुरवा निवासी सियालाल, पराना पत्नी सियालाल जख्मी हैं, जिनका इलाज चल रहा है.
थाना प्रभारी लोनी कटरा अभय कुमार मौर्या ने बताया कि तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर किया गया है.
यह भी पढ़ें : यूपी में अलग-अलग सड़क हादसों में 14 लोगों की मौत, 17 घायल

