Chamba Accident Update: दोनों घायलों ने भी तोड़ा दम, कुल तीन की मौत, खाई में गिरी थी कार
चंबा से चांजू जा रही एक बोलेरो कैंपर चुराह विधानसभा क्षेत्र के गन्नू नाला के पास गहरी खाई में गिर गई, जिसके चलते हादसा हुआ.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : January 8, 2026 at 10:59 AM IST
चंबा: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक के बाद एक दर्दनाक सड़क हादसे सामने आ रहे हैं. सड़क हादसे में घायल तीनों लोगों की मौत हो गई है. बुधवार देर रात चंबा जिला के चुराह विधानसभा क्षेत्र के गन्नू नाला के पास बुधवार (7 जनवरी) देर रात चंबा से चांजू जा रही एक बोलेरो कैंपर गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हुए थे.
चंबा-तीसा मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर गुन्नू नाला के पास एक बोलेरो कैंपर गहरी खाई में गिर गई थी. हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिन्हें पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चंबा रेफर किया गया था. चंबा पहुंचने के बाद दोनों अन्य घायलों ने भी दम तोड़ दिया.

खाई में गाड़ी गिरने से 3 लोगों की मौत
इस हादसे के चलते पूरे इलाके में शोक की लहर है. स्थानीय लोगों के अनुसार, गाड़ी चंबा से एक निजी हाइड्रो पावर कंपनी का सामान लेकर चांजू जा रही थी, इसी दौरान खाई में गाड़ी गिरने से बड़ा हादसा हो गया. बोलेरो कैंपर में तीन लोग सवार थे, जैसे हादसा हुआ तीनों को निकालने के लिए सड़क से पुलिस की टीम नाले में उतरी. रेस्क्यू के दौरान एक मौके पर ही मृत पाया गया, जबकि दो घायलों को बाहर निकाल कर चंबा पहुंचाया गया, लेकिन रात करीब 12 बजे दोनों घायलों ने दम तोड़ दिया.
हादसे की जांच के लिए बनाई गई जांच कमेटी
एसपी चंबा विजय सकलानी ने बताया कि, "पुलिस मामले की निष्पक्षता के साथ जांच कर रही है. हादसे के कारणों की जांच के लिए एक कमेटी बनाई गई है जो जांच करेगी उसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी. यह पता लगाया जा रहा है कि आखिर हादसा कैसे हुआ. पहाड़ों में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें और ट्रैफिक नियम का पालन करें."
ये भी पढ़ें: हिमाचल हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, भारत-पाक के बीच शांति चाहना देशद्रोह नहीं है, आरोपी युवक को शर्तों के साथ जमानत
ये भी पढ़ें: हिमाचल में जनगणना के लिए लगाए अधिकारी, 2027 के लिए सरकार की पूरी तैयारी

