कर्तव्य पथ पर मार्च करेंगे बाड़मेर के तीन NCC कैडेट्स, गणतंत्र दिवस परेड के लिए हुआ चयन
बाड़मेर के राजकीय पीजी कॉलेज के तीन एनसीसी कैडेट्स का नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड के लिए चयन हुआ है.

Published : December 29, 2025 at 6:52 AM IST
बाड़मेर: राजस्थान के सीमावर्ती जिले बाड़मेर के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के तीन एनसीसी कैडेट्स का नई दिल्ली में आगामी गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेने के लिए चयन हुआ है. यह उपलब्धि न केवल महाविद्यालय बल्कि पूरे बाड़मेर जिले के लिए बेहद गौरवपूर्ण है. ये कैडेट्स राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करेंगे.
चयन की प्रक्रिया: चयनित कैडेट्स 16 राजस्थान बटालियन एनसीसी से जुड़े हैं. इनमें अंडर ऑफिसर मगसिंह (नरसिंगो की ढाणी), जितेंद्र कुमार (लोहारवा) और भवेन्द्र चौधरी (खड़ीन) शामिल हैं. इन होनहार कैडेट्स ने कई स्तरों पर आयोजित कठिन प्रशिक्षण शिविरों और चयन प्रक्रियाओं को सफलतापूर्वक पार किया है. चयन प्रक्रिया में शारीरिक फिटनेस, ड्रिल, मानसिक दृढ़ता और समग्र प्रदर्शन का कड़ा परीक्षण होता है. ये तीनों कैडेट्स जनवरी में नई दिल्ली में होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेंगे. वे कर्तव्य पथ पर भव्य परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपनी भागीदारी निभाएंगे.
इसे भी पढ़ें- गणतंत्र दिवस परेड में रिझाएगी राजस्थान की झांकी, फुल ड्रेस रिहर्सल में पधारो म्हारे देश का पैगाम
एनसीसी अधिकारी की प्रतिक्रिया: महाविद्यालय के एनसीसी अधिकारी कैप्टन डॉ. आदर्श किशोर ने बताया कि चयनित कैडेट्स ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है. उन्होंने कहा, "यह चयन प्रक्रिया अत्यंत चुनौतीपूर्ण होती है, जिसमें शारीरिक और मानसिक दोनों क्षमताओं की गहन जांच की जाती है. एक साथ तीन कैडेट्स का राजस्थान निदेशालय के दल में चयन होना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है. इससे बाड़मेर का नाम राष्ट्रीय पटल पर गौरवान्वित होगा."
प्राचार्य और कमांडिंग ऑफिसर की बधाई: महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर मृणाली चौहान ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह एनसीसी यूनिट और पूरे कॉलेज के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है. उन्होंने कैडेट्स को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. वहीं, 16 राज बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल मनीष देवरे ने भी कैडेट्स के प्रयासों की सराहना की और उन्हें शुभकामनाएं दी.
इसे भी पढ़ें- नई दिल्ली में होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होगी बूंदी की स्वच्छता टीम

