मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना: रांची की 3.66 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचे 275 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची की तीन लाख से ज्यादा लाभुकों के खाते में राशि जमा की गयी.

Published : July 7, 2026 at 11:51 PM IST
रांचीः झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिला की 3 लाख 66 हजार 664 महिला लाभुकों के बैंक खातों में अप्रैल से जून 2026 तक की तीन माह की सम्मान राशि एकमुश्त हस्तांतरित कर दी गई है.
आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से प्रत्येक लाभुक को 7,500 रुपये की राशि भेजी गई. इस मद में जिला प्रशासन ने कुल 274 करोड़ 99 लाख 80 हजार रुपये का भुगतान किया है.
रांची जिला प्रशासन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा उनकी दैनिक जरूरतों को पूरा करने में सहयोग देना है. राशि सीधे बैंक खातों में भेजे जाने से लाभुकों को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से योजना का लाभ मिल रहा है.
जिला के सभी प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों में बड़ी संख्या में महिलाओं को इस योजना का लाभ मिला है. सर्वाधिक 31,094 लाभुक कांके प्रखंड में रहे, जबकि टाउन अर्बन क्षेत्र में 25,006, मांडर में 22,885, सिल्ली में 21,031, बेड़ो में 20,519, चान्हो में 19,299, रातू में 18,500, तमाड़ में 18,411, बुढ़मू में 17,688, नगड़ी में 17,755, ओरमांझी में 17,824 तथा नामकुम में 17,566 लाभुकों के खातों में राशि भेजी गई.
इसके अलावा अनगड़ा, सोनाहातू, राहे, लापुंग, खलारी, बुंडू और विभिन्न शहरी क्षेत्रों की पात्र महिलाओं को भी योजना का लाभ मिला. हालांकि, बड़गाईं अंचल और ईटकी प्रखंड के लाभुकों का भुगतान अभी प्रक्रियाधीन है. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन क्षेत्रों के पात्र लाभुकों के खातों में भी जल्द ही सम्मान राशि हस्तांतरित कर दी जाएगी.
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है. इस योजना से महिलाओं को आर्थिक संबल मिलेगा और उनकी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में सहायता मिलेगी. जिन क्षेत्रों में भुगतान प्रक्रियाधीन है, वहां शेष सभी पात्र लाभुकों को भी शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं, ताकि प्रत्येक पात्र महिला तक योजना का लाभ समय पर पहुंच सके.
जिला प्रशासन ने लाभुकों से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते की जानकारी और आधार लिंकिंग की स्थिति अद्यतन रखें, ताकि भविष्य में मिलने वाली किस्तों का भुगतान भी बिना किसी बाधा के सीधे उनके खातों में हो सके. किसी भी प्रकार की शिकायत या जानकारी के लिए रांची जिला प्रशासन के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर "अबुआ साथी" (9430328080) पर संपर्क किया जा सकता है. मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के माध्यम से राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयासरत है.
इसे भी पढे़ं- मंईयां सम्मान योजना: रांची की 3.89 लाख महिलाओं के खातों में 97.32 करोड़ रुपये ट्रांसफर
इसे भी पढे़ं- मंईयां सम्मान योजना के सत्यापन के लिए लाभुकों को लगाना पड़ रहा कार्यालय का चक्कर, महिलाओं में आक्रोश
इसे भी पढे़ं- मंईयां सम्मान योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा, पुरुष एक साल तक महिलाओं के नाम पर उठाते रहा पैसे

