ETV Bharat / state

पटना में थाने के सामने ताबड़तोड़ फायरिंग, पुलिस ने 12 KM पीछा कर आधे घंटे में तीन बदमाशों को दबोचा

पटना के मनेर थाना के सामने तीन बदमाशों ने हवाई फायरिंग की. पुलिस ने 12 किमी पीछा कर तीनों को गिरफ्तार किया. रिपोर्ट- राजेश कुमार

Firing in patna
पटना में फायरिंग (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : August 23, 2026 at 10:48 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

पटना: राजधानी पटना के मनेर थाना के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने शनिवार की रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने हथियार लहराते हुए हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी. थाना के सामने हुई इस गोलीबारी की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.

पुलिस ने 12 किमी पीछा कर दबोचा: गोली चलने के बाद तीनों बदमाश बाइक से तेज रफ्तार में दानापुर की ओर भाग निकले. घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज करीब 30 मिनट में 12 किलोमीटर तक पीछा कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

डीएसपी अमरेंद्र झा (ETV Bharat)

डीएसपी ने बताई घटना की पूरी कहानी: दानापुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार झा ने बताया कि शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे बाइक सवार तीन युवक मनेर थाना के मुख्य गेट के सामने पहुंचे. आरोपियों ने हथियार लहराते हुए एक राउंड हवाई फायरिंग की और भाग खड़े हुए.

राहगीरों में मचा अफरा-तफरी: अचानक थाना के सामने गोली चलने से सड़क पर मौजूद राहगीरों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रजनीश के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हो गई और बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया.

छितनावां में तीनों को घेरकर पकड़ा: पुलिस ने करीब 12 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद छितनावां नई सड़क के पास तीनों आरोपियों को घेरकर पकड़ लिया. उनकी तलाशी में एक देसी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया गया. घटना में इस्तेमाल हुई बाइक भी जब्त कर ली गई.

सामने आई आरोपियों की पहचान : गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनेर थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी गौतम कुमार, दानापुर गोला पर निवासी गोविंद कुमार और गोलू कुमार के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार तीनों बदमाश दहशत फैलाने के इरादे से फायरिंग कर रहे थे.

न्यायिक हिरासत में भेजे गए सभी बदमाश: बिहटा-दानापुर के डीएसपी अमरेंद्र झा ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है. पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस अब आपराधिक इतिहास और हथियार की सप्लाई की जांच में जुटी है.

"मामले में केस दर्ज करने के बाद घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है. पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया."- अमरेंद्र झा, डीएसपी

ये भी पढ़ें-

'हमको कोई गोली मार दिया है' बिहार में बीजेपी नेता पर हमला, हालत गंभीर

बिहार में RJD नेता ददन आजाद को अपराधियों ने मारी गोली