बिहार में स्कूल पढ़ने गईं 3 नाबालिग छात्राएं लापता, अब तक लड़कियों का नहीं मिला सुराग
बिहार के नालंदा में तीन नाबालिग छात्राएं एक साथ लापता हो गईं. अभी तक तीनों का कोई सुराग नहीं लग सका है. पढ़ें पूरी खबर-

Published : February 25, 2026 at 10:06 AM IST
नालंदा : बिहार के नालंदा में एक साथ तीन नाबालिग छात्राओं के रहस्यमय ढंग से लापता होने से सनसनी फैल गई है. परिजन अनहोनी की आशंका जता रहे हैं और पुलिस से सकुशल बरामदगी की गुहार लगा रहे हैं. मामला बिहार थाना क्षेत्र का है.
स्कूल गईं, फिर घर नहीं लौटीं : परिजनों के अनुसार तीनों छात्राएं बिहार शरीफ के कचहरी रोड स्थित एस.एस. बालिका उच्च विद्यालय की 9वीं कक्षा की छात्राएं हैं. मैट्रिक परीक्षा को देखते हुए पठन-पाठन की अस्थायी व्यवस्था कॉलेजिएट हाई स्कूल में की गई थी. शनिवार को तीनों सहेलियां पढ़ने के लिए गई थीं, लेकिन इसके बाद घर वापस नहीं लौटीं.
02 बालिकाओं के घर से चले जाने के संबंध में बिहार थाना में प्रतिवेदित कांडों के संबंध में।@bihar_police pic.twitter.com/fyS5aH0KPv
— Nalanda Police (@PoliceNalanda) February 24, 2026
"मेरी बेटी शनिवार से लापता है. प्रशासन की ओर से लापरवाही की जा रही है. हमारी पुलिस से मांग है कि जल्द ही इस मामले में छानबीन कर लड़कियों को बरामद करे. हमारी बेटी गायब नहीं हुई है उसका अपहरण हुआ है."- लड़की का पिता
परिजनों ने जताई अपहरण की आशंका : काफी खोजबीन के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने बिहार थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई. आवेदन में आशंका जताई गई है कि एक सहेली ने एक युवक के साथ मिलकर बहला-फुसलाकर तीनों बच्चियों का अपहरण किया है. परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और वे प्रशासन से बेटियों की सकुशल वापसी की मांग कर रहे हैं.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस : थानाध्यक्ष सम्राट दीपक ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. सभी संभावित बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है.

"घटना क्रम से जुड़े इलाकों से सीसीसीटीवी को तलाशा जा रहा है. पुलिस की टीम सभी संभावित बिन्दुओं पर जांच कर रही है. जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा."- सम्राट दीपक, थानाध्यक्ष, बिहार थाना
जिले में दहशत का माहौल : हाल के दिनों में जिले में बच्चा चोरी और मानव तस्करी की चर्चाओं के बीच यह घटना सामने आई है. 48 घंटे पहले ही सरमेरा थाना क्षेत्र में यूपी की 7 नाबालिग लड़कियों समेत 13 युवतियों का रेस्क्यू किया गया था. ऐसे में इस घटना ने इलाके में दहशत बढ़ा दी है. सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर तीनों छात्राएं कहां हैं और उनके साथ क्या हुआ है.
ये भी पढ़ें-

