धौलपुर और सांचौर में दो अलग–अलग हादसों में तीन की मौत, एक घायल
धौलपुर में ट्रक की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई. वहीं सांचौर में दुर्घटना में दो सगे भाइयों की मौत हो गई.


Published : February 20, 2026 at 3:18 PM IST
धौलपुर/सांचौर: धौलपुर और सांचौर में दो अलग–अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई. धौलपुर के मनिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए. उपचार के दौरान पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी का इलाज जारी है. भारतमाला एक्सप्रेस वे हाईवे पर गुरुवार देर रात को एक दर्दनाक सड़क हादसा में मोटरसाइकिल सवार दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई.
जानकारी के अनुसार मनिया कस्बे में क्रॉस करते समय एक ट्रक से बाइक की टक्कर हो गई. टक्कर के बाद बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रक के नीचे जा घुसी. हादसे में बाइक सवार दिनेश पुत्र सोरन निवासी पिलुआ शाहपुरा और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया. जहां चिकित्सकों ने दिनेश को मृत घोषित कर दिया. थाना प्रभारी नीरज शर्मा ने बताया कि क्रॉसिंग के दौरान बाइक ट्रक की चपेट में आ गई थी. उन्होंने बताया कि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया.
पढ़ें: अलवर में अज्ञात वाहन की टक्कर से लैब टेक्नीशियन की मौत, दो युवक घायल
दो सगे भाइयों की मौत: सांचौर के बागोड़ा क्षेत्र में भारतमाला एक्सप्रेस वे हाईवे पर गुरुवार देर रात को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें मोटरसाइकिल सवार दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई. बागोड़ा थानाधिकारी बलदेव राम ने बताया कि दुर्घटना बागोड़ा टोल प्लाजा से करीब चार किलोमीटर दूर धुम्बड़िया नदी पुल के पास हुई. रूपा की ढाणी भालनी निवासी रमेश (38) व पोसा राम (40) पुत्र मोड़ा राम भील मोटरसाइकिल से बागोड़ा से अपने गांव भालनी लौट रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाइयों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई.
पढ़ें: तेज रफ्तार कार ने पुलिस पेट्रोलिंग वैन को मारी टक्कर, महिला SHO की मौत
बताया जा रहा है कि कार चालक रामदेवरा से गुजरात की ओर जा रहा था. हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची बागोड़ा पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया तथा परिजनों को सूचना दी. जिसके बाद शुक्रवार को दोनों शवों के पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर कार चालक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है.

