संतकबीर नगर में बेकाबू कार पलटी; तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत
मेंहदावल थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि हादसे का शिकार हुए तीनों युवकों की पहचना हो गई है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 27, 2026 at 12:02 PM IST
संतकबीर नगर: मेंहदावल थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के खुशियां मातम में बदल गईं. वैवाहिक समारोह से वापस लौट रहे युवकों की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई. इस हादसे में कार सवार तीनों दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई है.
मेंहदावल थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि हादसे का शिकार हुए तीनों युवकों की पहचना हो गई है. यह तीनों मेंहदावल थाना क्षेत्र के ही रहने वाले थे. मृतकों में मिंटू पांडे, निवासी बढ़या ठाठर, दुर्गेश गुप्ता, निवासी पिंडारी कला और श्रवण शर्मा, निवासी बिशनपुर शामिल हैं.
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंची. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. शुरुआती जांच में हादसा वाहन पर नियंत्रण खोने के कारण हुआ प्रतीत हो रहा है. पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है. मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है.
पुलिस के मुताबिक, मेंहदावल थाना क्षेत्र के बीएम सिटी मार्ग पर अछीया मोहल्ले के पास यह दुर्घटना शुक्रवार तड़के हुई. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सफेद रंग की कार की रफ्तार काफी तेज थी.
अचानक संतुलन बिगड़ने से कार सड़क से नीचे उतरकर पलट गई. चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े, लेकिन तब तक कार सवार तीनों युवकों के प्राण पखेरू उड़ चुके थे. पुलिस ने मृतकों के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उनकी पहचान की है.

