ETV Bharat / state

बरेली में अलग-अलग सड़क हादसों में तीन की मौत, मरने वालों में पिता-पुत्र, मोबाइल सिम बंद करने की एप्लीकेशन देने जा रहे थे

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. दोनों ही मामलों में फरार वाहन चालकों की तलाश हो रही है.

सड़क हादसों में तीन की मौत.
सड़क हादसों में तीन की मौत. (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : February 26, 2026 at 11:07 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

बरेली : जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों घटनाओं के बाद परिवारों में कोहराम मच गया. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है.

पहली घटना नवाबगंज क्षेत्र की है. गांव गेलाटांडा निवासी 60 वर्षीय प्रेमराज पुत्र नत्थू लाल अपने बेटे हरपाल सिंह के साथ मोटरसाइकिल से नवाबगंज मोबाइल का सिम बंद कराने जा रहे थे. परिजनों के अनुसार, प्रेमराज का मोबाइल कहीं गिर गया था, जिसकी एप्लीकेशन देने के लिए दोनों नवाबगंज जा रहे थे.

लक्ष्मी पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी. हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने हरपाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रेमराज की आज इलाज के दौरान मौत हो गई. हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया.

दूसरी घटना शादी समारोह से लौटते समय हुई. पीलीभीत जिले के थाना बरखेड़ा कला क्षेत्र के गांव पिपरिया खास निवासी 25 वर्षीय सुखदेव पुत्र लेखराज बुधवार को गांव पड़ोली में रिश्तेदारी की शादी में शामिल होने गया था. देर रात करीब एक बजे वह अपने साथी हरनंदन पुत्र ओमकार निवासी कटइया थाना हाफिजगंज के साथ मोटरसाइकिल से लौट रहा था.

रसूला और मटकापुर गांव के बीच किसी अज्ञात चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सुखदेव को मृत घोषित कर दिया. हरनंदन का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है.

दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही परिवारों में मातम पसर गया. नवाबगंज पुलिस का कहना है कि फरार वाहन चालकों की तलाश की जा रही है और हादसों की जांच जारी है.

यह भी पढ़ें : पढ़ाई और करियर का दबाव बना रहा उग्र, एक्सपर्ट से जानें बच्चों में कैसे पहचानें बागी होने के लक्षण?