हिमाचल विधानसभा में तीन दिन का सत्र, 16 फरवरी से क्या-क्या होने वाला है?
विधानसभा का पोर्टल सभी विधायकों के लिए खोल दिया गया है. विधायक लिखित और मौखिक प्रश्नों सहित सभी प्रकार के नोटिस भेज सकते हैं.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 10, 2026 at 5:56 PM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश की सियासत एक बार फिर गरमाने वाली है. प्रदेश विधानसभा का तीन दिवसीय सत्र 16 फरवरी से शुरू होकर 18 फरवरी तक चलेगा. सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से होगी, जिसमें सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की झलक देखने को मिलेगी. इस छोटे लेकिन अहम सत्र पर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की नजरें टिकी हैं.
वहीं, विधानसभा सत्र को लेकर मंगलवार को सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और राज्य सरकार के अधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान विधानसभा परिसर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई. वहीं, बैठक के बाद विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने मीडिया से बातचीत में कहा कि 16 फरवरी से शुरू होने वाला सत्र बजट सत्र ही होगा. ये नए कैलेंडर वर्ष और नए वित्तीय वर्ष का पहला सत्र है, इसलिए इसकी शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से की जाएगी.
बजट पेश करने पर अभी सूचना नहीं
विधानसभा अध्यक्ष ने कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा 16 फरवरी को दोपहर 2 बजे राज्यपाल का अभिभाषण होगा. इसके बाद नियमों के अनुसार यदि पिछले सत्र के दौरान किसी सदस्य का निधन हुआ है, तो उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी. इसके पश्चात विधायी कार्यवाही शुरू की जाएगी. बजट सत्र के दौरान राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव और बजट की प्रस्तुति सहित महत्वपूर्ण सरकारी कार्य होंगे. बजट पेश करने की तारीख को लेकर सरकार की ओर से जैसे ही औपचारिक सूचना मिलेगी, मीडिया को अवगत कराया जाएगा. फिलहाल उपलब्ध जानकारी के अनुसार 16, 17 और 18 फरवरी को विधानसभा की तीन बैठकें प्रस्तावित हैं. विधानसभा का पोर्टल सभी विधायकों के लिए खोल दिया गया है और विधायक लिखित और मौखिक प्रश्नों सहित सभी प्रकार के नोटिस भेज सकते हैं. नोटिस मिलने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और तय समय सीमा पूरी होने के बाद सत्र से जुड़ी विस्तृत जानकारी मीडिया के माध्यम से जनता को दी जाएगी. 15 फरवरी को विधानसभा की ओर से मीडिया इंटरेक्शन भी किया जाएगा.
सुरक्षा व्यवस्था पर भी हुई चर्चा
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि हर सत्र से पहले कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की जाती है. बजट सत्र के दौरान सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं. मीडिया प्रतिनिधियों और आगंतुकों के लिए पास व्यवस्था सहित सभी प्रबंधों पर भी बैठक में चर्चा की गई.

