गुमला में 10 लाख के ब्राउन शुगर के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, गढ़वा से लाकर कर रहे थे बिक्री
गुमला में ब्राउन शुगर की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने तीन तस्करों को धर दबोचा है.

Published : November 12, 2025 at 4:11 PM IST
गुमलाः ब्राउन शुगर की तस्करी के आरोप में गुमला पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने गुमला के चेटर मैदान से तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने तस्करों के पास से 200 पैकेट ब्राउन शुगर, 50 ग्राम ब्राउन शुगर की अलग पुड़िया, तीन मोबाइल फोन और 14,150 रुपये नगद बरामद किया है.
एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने बताया कि एसपी को ब्राउन शुगर की खरीद-फरोख्त के संबंध में एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी. मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक छापेमारी टीम का गठन किया गया.
चाहा मैदान के पास से हुई गिरफ्तारी
जैसे ही पुलिस की टीम सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए गुमला के चेटर मैदान पहुंची तीन व्यक्तियों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया. हालांकि पुलिस बल की मदद से तीनों को चाहा मैदान में पकड़ लिया गया. गिरफ्तार आरोपियों में गुमला के केदानी बगान निवासी बादल साहू, गुमला के लक्ष्मण नगर निवासी विकास कुमार बैठा और लोहरदगा के भंडरा के रहने वाले सुनील प्रजापति शामिल है.
तलाशी के दौरान मिला ब्राउन शुगर और कैश
तलाशी लेने पर बादल साहू के पास से एक पीले रंग के बैग में 200 पैकेट ब्राउन शुगर, एक नीले रंग का कपड़ा, एक भूरे रंग का शॉल, दो मोबाइल और 14,150 रुपये नगद बरामद किया गया. साथ ही विकास कुमार बैठा के पास से एक मोबाइल और 50 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया है.
गढ़वा से खरीदा था ब्राउन शुगर
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह ब्राउन शुगर गढ़वा के तिलदाग भीड़ निवासी अंकित कुमार से खरीदी थी. वे इसे गुमला के अन्य क्षेत्रों में बेचने के लिए ले जा रहे थे. जिसके बाद पुलिस ने बादल साहू, विकास कुमार बैठा और सुनील प्रजापति को विधिवत गिरफ्तार कर लिया.
बरामद सभी सामानों को जब्त कर लिया गया. साथ ही तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में दो आरोपी बादल और विकास पूर्व में भी जेल जा चुके हैं. एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने बताया कि जब्त ब्राउन शुगर की कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है.
छापेमारी दल में ये थे शामिल
एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव, पुलिस निरीक्षक सह बानो थाना प्रभारी महेन्द्र कुमार करमाली, पुअनि अमर शुक्ला, सअनि सुनील कुमार और गुमला थाना के सशस्त्र बल शामिल थे.
ये भी पढ़ें-
ड्रग्स पैडलर्स पर बड़ी कार्रवाई, मुस्कान, सेजल खान सहित चार गिरफ्तार
नशे पर नकेलः जमशेदपुर में लगभग 40 लाख की ब्राउन शुगर के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
स्कूल के पास बेच रहे थे ड्रग्स, ब्राउन शुगर के साथ शिकंजे में आए तीन पैडलर्स

