नूंह में जहरीले पानी से गायों की मौत, 40 से ज्यादा गाय बीमार, ग्रामीण बोले - केमिकल से हुई मौत
नूंह के केएमपी एक्सप्रेस वे के जहरीला पानी पीने से 3 गायों की मौत हो गई है, जबकि 40 से ज्यादा गाय बीमार है.

Published : February 11, 2026 at 5:26 PM IST
|Updated : February 11, 2026 at 7:02 PM IST
नूंह : हरियाणा के नूंह के तावडू उपमंडल के अंतर्गत गोयला गांव के नजदीक कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे और रेलवे लाइन के बीच जहरीले केमिकल युक्त पानी पीने से जहां तीन गायों की मौत हो गई, वहीं 40 से अधिक गायों की हालत गंभीर बनी हुई है. इस घटना से स्थानीय पशुपालकों में भारी गुस्सा है. इस जहरीले केमिकल की बदबू से स्थानीय लोग और राहगीर भी बेहद प्रभावित है. इससे आंखों में जलन और गले में सांस लेने में भी दिक्कत लोगों को होने लगी है. फिलहाल पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जहरीले पानी से 3 की मौत : पीड़ितों ने बताया कि 9 फरवरी 2026 को सुबह करीब 11 बजे गांव कलियाका निवासी वहिद पुत्र नूरला, जुम्मा पुत्र नाजर और गोयला निवासी शाहरुख पुत्र आमीन अपनी गायों को चराने के लिए केएमपी रोड और रेलवे के बीच ले गए थे. वहिद के पास 50, जुम्मा के पास 80 और शाहरुख के पास 60 गायें थीं. आरोप है कि एक अज्ञात वाहन चालक ने रेलवे और केएमपी रोड के बीच के क्षेत्र में जहरीला केमिकल युक्त पानी डाल दिया. गायों ने इस दूषित पानी को पी लिया, जिसके परिणामस्वरूप 43 गायों पर असर हुआ. इनमें से 3 गायों की मौत हो गई और बाकि 40 गायों की तबीयत बिगड़ गई.
ग्रामीणों की शिकायत पर केस दर्ज : पीड़ित पशुपालक वहिद ने मोहम्मदपुर अहीर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें अज्ञात वाहन चालक की लापरवाही बताई गई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया. गांव कलियाका और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में गोपालक रहते हैं, जिनके पास हजारों गायें हैं. ग्रामीणों ताहिर, इदरीस, जुहरदीन, अलीशेर, उम्मर नंबरदार, सद्दीक अब्बास, अख्तर, लीलू, जहीर आदि ने बताया कि जहरीला पदार्थ इतना जहरीला था कि इससे आंखों में जलन हो रही थी. गायें बेहोश होने लगीं और कई पक्षी भी मृत पाए गए. ग्रामीणों का मानना है कि ये केमिकल किसी फैक्ट्री या कबाड़ से अवैध रूप से रात के समय फेंका गया है, जो नियमित रूप से होता रहता है. इस घटना से आसपास का वातावरण प्रभावित हुआ है और स्थानीय लोगों में आक्रोश है. जांच अधिकारी रफीक अहमद ने मौके पर निरीक्षण किया. उन्होंने बताया कि पीड़ितों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. केमिकल फेंकने वाले व्यक्ति का पता लगाया जा रहा है और जल्द ही उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
हरियाणा समेत देश की ताजा ख़बरें पढ़ने के लिए ईटीवी भारत ऐप डाउनलोड करें. यहां आपको मिलेंगी तमाम बड़ी ख़बरें, हर बड़ा अपडेट, वो भी सबसे सटीक और डिटेल एनालिसिस के साथ - Download App
ये भी पढ़ें : दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रक ड्राइवर का डेंजरस स्टंट, वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने किया गिरफ्तार
ये भी पढ़ें : नूंह की सगी बहनों ने छोटी सी उम्र में मनवाया टैलेंट का लोहा, कानपुर में गोल्ड मेडल जीता, एशियाई चैंपियनशिप के लिए हुआ सिलेक्शन
ये भी पढ़ें : नूंह में बालाजी सीएनजी पंप पर मारपीट कर लाखों की लूट, पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद

