बड़ा हादसा : पानी पीने डिग्गी में उतरी बालिका, पैर फिसला तो बचाने कूदे भाई-बहन, तीनों की मौत
हादसे का शिकार तीनों बच्चे एक ही परिवार के हैं.

Published : August 23, 2026 at 5:34 PM IST
जोधपुर: जिले के बोरुंदा थाना क्षेत्र में रविवार को दर्दनाक हादसा हुआ. थाना क्षेत्र के चौकड़ी खुर्द गांव में पानी की डिग्गी में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई. हादसे का शिकार तीनों बच्चे एक ही परिवार के हैं. पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव परिवार को सौंप दिए. गांव में मातम पसरा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
थानाधिकारी सुजानाराम विश्नोई ने बताया कि चौकड़ी में चौकीदारों की ढाणी के पास खेत में पानी की डिग्गी के पास एक परिवार के बच्चे खेल रहे थे. इस दौरान सुमन (12) पुत्री जीया राम पानी पीने डिग्गी में उतरी तो उसका पांव फिसल गया. इस पर सुमन डिग्गी में गिर गई. उसे डूबता देख रिश्ते में उसकी बहन रेखा (16) पुत्री नाथूराम और भाई प्रवीण (8) पुत्र महेंद्र भी डिग्गी में उतर गए. सुमन को बचाने डिग्गी में उतरी रेखा एवं प्रवीण भी डूब गए. तीनों की डूबने से मौत हो गई.
पढ़ें: श्रीगंगानगर में पानी की डिग्गी में डूबने से दो मजदूरों की मौत, एक को बचाने उतरा था दूसरा युवक
पुलिस ने मर्ग दर्ज किया: हादसे का पता चलने पर परिजन और ग्रामीण एकत्र हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची. पुलिस ने तीनों शवों को डिग्गी से निकाल कर पीपाड़ सिटी अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए. परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लिया.
हौद में गिरकर हुई थी तीन मौतें: जिले के मथानिया क्षेत्र के मांडियाई खुर्द गांव में जून माह में एक खेत में बने होद में डूबने से तीन बच्चों की असामयिक मौत हो गई थी. तीनों बच्चे घर के पास ही खेल रहे थे. खेलते-खेलते अचानक खेत में बने पानी के होद के पास पहुंच गए एवं उसमें गिर गए थे. इन दिनों मानसून के चलते खेतों में कई जगहों पर डिग्गियों में पानी भरा है.
पढ़ें: बीकानेर में दर्दनाक हादसा: जोहड़ में डूबने से पति-पत्नी की मौत, गांव में पसरा मातम

