लखनऊ में GST फर्जीवाड़े में तीन गिरफ्तार; फर्जी फर्म के जरिये 4.70 करोड़ का दिखाया लेन-देन, 37 लाख की TAX चोरी
डीसीपी क्राइम कमलेश दीक्षित ने बताया कि राज्य कर विभाग के उपायुक्त की शिकायत पर इस मामले की जांच शुरू हुई थी.


By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 20, 2026 at 3:26 PM IST
लखनऊ : राजधानी की महानगर पुलिस और साइबर सेल की टीम ने जीएसटी कर चोरी के आरोप में एक बड़े संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है. टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस का दावा है कि गिरोह के सदस्यों ने फर्जी बिल और कूटरचित दस्तावेजों के सहारे एक बोगस फर्म तैयार की और उसके जरिए करीब 4 करोड़ 70 लाख रुपये का फर्जी लेन-देन दिखाया.
पुलिस के मुताबिक, गिरोह बहुत ही सुनियोजित तरीके से काम करता था ये लोग गरीब और जरूरतमंद लोगों को 10-15 हजार रुपये का लालच देकर उनके आधार, पैन, बैंक खाते और मोबाइल नंबर हासिल कर लेते थे. फर्जी इनवॉइस और ई-वे बिल जनरेट कर करोड़ों का फर्जी बिजनेस दिखाया जाता था. करीब 4.70 करोड़ रुपये का बोगस टर्नओवर दिखाकर करीब 37 लाख रुपये की जीएसटी चोरी की गई. यह गिरोह अन्य बिजनेस फर्मों को अवैध कमीशन पर आईटीसी बेचकर मुनाफा कमाता था.
साइबर /सर्विलांस टीम व थाना महानगर पुलिस द्वारा GST कर चोरी के बडे संगठित गिरोह का भण्डाफोड़: फर्जी GST फर्म बनाकर लगभग 4 करोड़ 70 लाख रुपये से अधिक का फर्जी लेन-देन का खुलासा-03 शातिर अभियुक्त गिरफ्तार।
— LUCKNOW POLICE (@lkopolice) February 20, 2026
04 मोबाइल फोन,चेकबुक,पासबुक,तथा पासपोर्ट बरामद ।#GoodWorkUPP@Uppolice pic.twitter.com/4zlnUe8D9t
डीसीपी क्राइम कमलेश दीक्षित ने बताया कि राज्य कर विभाग के उपायुक्त की शिकायत पर इस मामले की जांच शुरू हुई थी. उन्होंने बताया कि एक फर्म द्वारा बोगस तरह से फर्म बनाकर और बड़े पैमाने पर जीएसटी की चोरी की जा रही है. इस सूचना के आधार पर महानगर थाने की पुलिस, साइबर सेल और सर्विलांस सेल की टीमें सक्रिय हुईं.
उन्होंने बताया कि इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इस मामले में दीपक, प्रशांत और कैलाश मार्या को गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने बताया कि आरोपी फर्में बनाकर दूसरे को देते हैं. इसमें बड़ी मात्रा में पंजाब के कई व्यापारियों द्वारा इस बोगस फर्म से लेन देन करके करोड़ों रुपये का ट्रांजेक्शन दिखाकर करोड़ों की जीएसटी चोरी की गई है. इनके पास से चार मोबाइल फोन, बैंक की पासबुक समेत तमाम सामग्री इनके पास से बरामद हुई है.
उन्होंने बताया कि अभी और फर्मों को जो इसमें इनवाल्व रहे हैं, जो करोड़ों रुपये की जीएसटी चोरी किये हैं उनकी भी शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी. उन्होंने बताया कि अभी जो नेटवर्क है, इस पर जांच चल रही है. बोगस फर्मों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. तभी यह बताया जा सकेगा कि इनके द्वारा कितने की जीएसटी चोरी किया गया है. टीमें लगी हुईं हैं और लोगों की गिरफ्तारी का प्रयास चल रहा है. उन्होंने बताया कि आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने बताया कि दीपक पर हत्या का मुकदमा दर्ज है.

