बॉयफ्रेंड ने दोस्तों के साथ मिलकर किया नाबालिग प्रेमिका से दुष्कर्म, तीन गिरफ्तार
बक्सर में प्रेमी ने तीन दोस्तों के साथ मिलकर 15 वर्षीय नाबालिग प्रेमिका से सामूहिक दुष्कर्म किया. जानें प्रेमी ने कैसे रची साजिश.

Published : December 1, 2025 at 9:21 AM IST
बक्सर: बिहार के बक्सर में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. एक नाबालिग लड़की को उसके प्रेमी ने ही अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर सामूहिक दुष्कर्म का शिकार बनाया. यह घटना नगर थाना क्षेत्र की है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है.
प्रेमी ने बहला-फुसलाकर बुलाया: जानकारी के अनुसार, 15 वर्षीय पीड़िता अपने प्रेमी से मिलने शुक्रवार शाम कृष्णा नगर कॉलोनी पहुंची थी. प्रेमी ने पहले से ही अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर साजिश रच रखी थी. मौका पाते ही सभी ने मिलकर नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गए. पीड़िता किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई.
परिजनों ने थाने में दर्ज कराई शिकायत: घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता के परिजन उसे लेकर नगर थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई. किशोरी के बयान के आधार पर पुलिस ने तुरंत प्राथमिकी दर्ज की. शिकायत में प्रेमी को मुख्य आरोपी बनाया गया है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित छापेमारी शुरू कर दी.
तीन गिरफ्तार, एक अब भी फरार: नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के कुछ घंटों के अंदर ही मुख्य आरोपी समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है. चौथे आरोपी की तलाश में अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. जल्द ही उसे भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया जाएगा.
पीड़िता का कराया गया मेडिकल: पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करा दिया है और उसका बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष भी दर्ज कराया गया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में सभी जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं. आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त धाराओं में मुकदमा चलाया जाएगा.
"किशोरी के बयान पर तुरंत प्राथमिकी दर्ज की गई है. मुख्य आरोपी समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है और चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. पीड़िता का मेडिकल कराया गया और मामले में सख्त कार्रवाई की जा रही है."-मनोज कुमार सिंह, नगर थानाध्यक्ष
इलाके में आक्रोश: जिला मुख्यालय के इतने पास इस जघन्य अपराध से पूरे क्षेत्र में दहशत और गुस्सा है. स्थानीय लोगों ने ऐसे हैवानों को कठोर सजा देने की मांग की है. लोगों ने पुलिस से भी मामले को तेजी से चलाकर न्याय दिलाने की अपील की है.
ये भी पढ़ें-
बिहार में आर्केस्ट्रा डांसर के साथ सामूहिक दुष्कर्म, ब्लीडिंग होने पर अस्पताल में छोड़ फरार हुए युवक

