ETV Bharat / state

बारां में बेखौफ बदमाश: परिवार को बंधक बनाकर लूटा ढाई लाख का माल, आधे घंटे मचाया उत्पात

तीन बदमाश छत के रास्ते घर में घुसे. धारदार हथियार दिखाकर परिवार को धमकाया और मोबाइल छीनने के बाद लूट की वारदात को दिया अंजाम.

Belongings scattered after the robbery
लूट की वारदात के बाद बिखरा सामान (ETV Bharat Baran)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : May 2, 2026 at 9:02 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

बारां: जिले के हरनावदाशाहजी कस्बे में शुक्रवार देर रात सत्यनारायण मंदिर के पास कुशवाह मोहल्ले में तीन हथियारबंदों ने एक मकान में घुसकर परिवार को बंधक बना लिया एवं लूट की वारदात को अंजाम दिया. घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है. हरनावदा थाने के एएसआई डालूराम ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर टीमें भेजी है. कुछ टीमें जिले के बाहर भी गई है, जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा.

फरियादी गोलू लववंशी ने रिपोर्ट में बताया कि तीन बदमाश छत के रास्ते घर में घुसे. दरवाजा खोलकर साथियों को अंदर बुलाया. धारदार हथियार दिखाकर परिवार को धमकाया और मोबाइल छीन लिए. परिजनों से नकदी एवं जेवरात के बारे में पूछा. विरोध करने पर मारपीट की और बच्चों को जान से मारने की धमकी दी. इस दौरान एक बदमाश कमरे में घुसकर अलमारी-बक्सों के ताले तोड़ता रहा, जबकि अन्य दो बदमाश परिवार पर नजर रखे थे. तीनों बदमाश चांदी के जेवर, सोने की नाक बाली, मंगलसूत्र और नकदी समेत ढाई लाख रुपए से अधिक का सामान लेकर फरार हो गए. पूरा घटनाक्रम करीब आधे घंटे चला.

पढ़ें:कपड़ा व्यापारी से 3.50 लाख रुपए की लूट करने के आरोपी बदमाश को पुलिस ने दबोचा

नयागांव में भी चोरी हुई: लूट की सूचना पर रात में पुलिस मौके पर आई और बदमाशों की तलाश में अभियान चलाया. शनिवार सुबह भी जांच की गई, लेकिन आरोपियों का सुराग नहीं लग पाया. इससे पहले नयागांव बंजारी में दीवार तोड़कर चोरी की गई. उसमें चोर 750 ग्राम चांदी, 10 ग्राम सोना, एक मोबाइल, 5000 रुपए नकद और अन्य सामान ले गए. कस्बे में सूने मकान के ताले तोड़ना, बाइक, मोबाइल चोरी और चेन स्नेचिंग की घटनाएं भी आम होती जा रही हैं. इससे लोगों में भय और रोष है. स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.

पढ़ें:अलवर में लूट का चौंकाने वाला सच: परिवादी के दोस्त ने रची साजिश, बाइक सवार संग मिलकर उड़ाए 8 लाख