ETV Bharat / state

इंद्रगढ़ में 15 लाख की चोरी का खुलासा, परिवार का चालक ही निकला मास्टरमाइंड, तीन गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों का पहले से ही आपराधिक रिकॉर्ड है. वे पहले भी अन्य मामलों में गिरफ्तार हो चुके.

accused arrested in theft case
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (Photo Courtesy : SP Office)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : December 22, 2025 at 8:36 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

बूंदी: जिले के इंद्रगढ़ में एक व्यापारी के सूने मकान को निशाना बनाकर की गई 15 लाख रुपए नकद व कीमती सोना-चांदी की चोरी का खुलासा हुआ है. इस वारदात में पीड़ित परिवार का निजी चालक ही पूरे आपराधिक षड्यंत्र का सूत्रधार निकला. पुलिस ने इस मामले में चालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से ही संदिग्ध रहा है.

एसपी राजेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि इंद्रगढ़ कस्बे में हाल ही 15 लाख रुपए नकद एवं गहनों की चोरी की वारदात हुई थी. इस मामले में जांच के लिए इंद्रगढ़ थानाधिकारी रामलाल मीणा के नेतृत्व में टीम गठित की गई. टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों में अजय मीणा (21) पुत्र दारासिंह, निवासी सादपुरा थाना टोडाभीम, करौली, दीपांशु मीणा (23) पुत्र रामधन निवासी आंतरदा थाना करवर, बूंदी तथा मोन्टी (24) पुत्र महावीर मीणा राव निवासी श्योदानपुरा थाना इंद्रगढ़ शामिल है. थानाधिकारी मीणा ने बताया कि मुख्य आरोपी मोन्टी पीड़ित परिवार की कार चलाता है. वारदात से एक दिन पहले वह पीड़ित व्यापारी और उसके परिवार को निजी वाहन से कोटा लेकर गया था.

पढ़ें: शटर काटकर दुकान में घुसे बदमाश, 15 लाख रुपए के आभूषण लेकर फरार

आरोपियों का ​आपराधिक रिकॉर्ड: थाना प्रभारी ने बताया कि 19 दिसंबर 2025 को पीड़ित किराना व्यापारी अशोक कुमार गर्ग ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि वह 19 दिसंबर को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे परिवार सहित कोटा गए थे. रात करीब 10 बजे जब वापस लौटे तो देखा कि मकान के ताले टूटे हुए थे. चोरों ने अलमारी तोड़कर करीब 15 लाख रुपए नकद, लगभग 80 ग्राम सोना एवं 500 ग्राम चांदी चोरी कर ली थी. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और पीड़ित परिवार से गहन पूछताछ के दौरान जांच की दिशा चालक मोन्टी ढोली की ओर मुड़ी. पूछताछ में वह संदिग्ध प्रतीत हुआ, जिसके बाद उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की गई. रिकॉर्ड में सामने आया कि मोन्टी पूर्व में जयपुर के सांगानेर सदर थाना क्षेत्र में चोरी व नकबजनी के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है. गिरफ्तार आरोपी दीपांशु मीणा के विरुद्ध जयपुर के विभिन्न थानों में लगभग 14, और मोन्टी के विरुद्ध जयपुर व बूंदी के अलग-अलग थानों में 9 विभिन्न मामले पहले से दर्ज हैं.

यह भी पढ़ें: अजमेर में 'सोने की खान' से 55 लाख की चोरी, शातिर चोरों ने इलाके की बिजली काटकर की वारदात

जयपुर से बुलाए थे आरोपी: थानाधिकारी ने बताया कि सख्त पूछताछ के बाद मोन्टी ने स्वीकार किया कि उसने जयपुर में सक्रिय अपने नकबजनी गिरोह को व्यापारी के मकान की लोकेशन बताकर वारदात की योजना बनाई. उसने अजय मीणा, दीपांशु मीणा सहित अन्य साथियों के साथ मिलकर यह आपराधिक षड्यंत्र रचा. गिरोह के सदस्य जयपुर से किराए की गाड़ी लेकर इंद्रगढ़ पहुंचे और सूने मकान को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात अंजाम देकर फरार हो गए.

इसे भी पढ़ें: CCTV बंद किया, फिर ATM मशीन काटकर लाखों की नकदी चुरा कर फरार हुए बदमाश

जयपुर व मेहंदीपुर बालाजी क्षेत्र से पकड़े गए आरोपी: उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने लगातार पीछा करते हुए जयपुर व मेहंदीपुर बालाजी क्षेत्र से तीनों आरोपियों को दबोच लिया. पूछताछ में उन्होंने वारदात करना स्वीकार कर लिया है. फिलहाल, पुलिस चोरी गए माल की बरामदगी के संबंध में गहन जांच जारी रखे हुए है.