रुद्रपुर में पुलिस टीम पर पथराव करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, घटना में हेड कांस्टेबल का फूटा था सिर
रुद्रपुर में नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पथराव में पुलिसकर्मी का फूटा था सिर, फरार चल रहे तीन आरोपी चढ़े हत्थे

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 22, 2026 at 7:26 PM IST
रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम पर पथराव मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इस पथराव की घटना में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया था. जबकि, आरोपी घटना के बाद से ही फरार चल रहे थे. जिन्हें अब गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया. फिर अब उन्हें कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई चल रही है.
नशा तस्करों को पकड़ने गई थी टीम, कुछ युवकों ने कर दिया पथराव: उधम सिंह नगर के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के सुभाष कॉलोनी में नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस और एएनटीएफ टीम पर पथराव के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. घटना में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
हेड कांस्टेबल भुवन पांडे का फूटा था सिर: दरअसल, बीती 1 फरवरी को शाम 5 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस और एएनटीएफ यानी एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाने पहुंची थी. तभी दबिश के दौरान हेड कांस्टेबल भुवन पांडे पर जानलेवा हमला कर दिया. जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया.
पथराव के बाद मच गई थी अफरा-तफरी: बताया जा रहा है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक टीम पर पथराव कर दिया था. जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी. इस घटना में एएनटीएफ का एक जवान घायल हो गया था, जिसके बाद पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाकर स्थिति को नियंत्रित किया. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे.
22 दिन बाद 3 आरोपी गिरफ्तार: मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दी और संदिग्धों की तलाश में विशेष अभियान चलाया. इसी कड़ी में सटीक सूचना और स्थानीय इनपुट के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. फिलहाल, उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा.
"कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. नशा तस्करी और अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा."- प्रशांत कुमार, सीओ सिटी रुद्रपुर
संबधित खबर पढ़ें-

