कानपुर में 4.93 करोड़ की साइबर ठगी में तीन गिरफ्तार; 32 हजार खातों में ट्रांसफर की गई थी रकम, जानिये कैसे करते थे साइबर फ्राॅड?
पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने मंगलवार को प्रेसवार्ता के दौरान साइबर ठगी का खुलासा किया.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : July 7, 2026 at 8:25 PM IST
|Updated : July 7, 2026 at 8:57 PM IST
कानपुर : कमिश्नरेट पुलिस की कल्याणपुर थाना पुलिस, साइबर सेल और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 4.93 करोड़ रुपये की ठगी के मामले का खुलासा किया है. पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस दो अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है. इस मामले की जानकारी मंगलवार को पुलिस आयुक्त रघुवीरलाल ने दी.
पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने मंगलवार को प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि शहर के कल्याणपुर थाना में कुछ दिनों पहले पीड़ित आशीष सिंह ने साइबर ठगी की शिकायत की थी. उन्होंने बताया था कि उनके साथ 4.93 करोड़ रुपये की ठगी हुई. इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कल्याणपुर थाना पुलिस टीम व साइबर सेल ने एक साथ जांच शुरू की तो सामने आया तीन आरोपी मिलकर निवेश के नाम पर सैकड़ों लोगों से साइबर ठगी कर रहे थे.
उन्होंने बताया कि साक्ष्यों के आधार पर कल्याणपुर थाना पुलिस टीम ने तीन आरोपी राज सिंह, राहुल चौधरी व शुभेंदु प्रकाश मिश्र को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है. साथ ही दो आरोपियों सौरभ पांडेय व इमरान को पकड़ना अभी बाकी है, फिलहाल ये दो आरोपी फरार हैं. उन्होंने बताया कि आरोपी सोशल मीडिया पेज पर पहले विज्ञापन अपलोड करते थे, फिर जैसे ही कोई व्यक्ति उनसे संपर्क करता था, तो वह एपीके फाइल के माध्यम से ठगी करते थे.
पुलिस आयुक्त ने बताया कि आरोपियों ने पीड़ित आशीष सिंह से 4.93 करोड़ रुपये की साइबर ठगी की थी. इस राशि को 32 हजार खातों में ट्रांसफर किया गया. पुलिस आयुक्त ने कहा कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करेंगे. उन्होंने कहा कि दोनों आरोपी राज सिंह व राहुल चौधरी के तार कंबोडिया, थाईलैंड व दुबई से जुड़े हैं.
उन्होंने बताया कि आरोपी राहुल चौधरी काफी समय से कंबोडिया में रहा है और उसे ऑनलाइन गेमिंग की पूरी जानकारी है. इसी तरह आरोपी राज सिंह दुबई में रहा और उसने वहां ऑनलाइन गेमिंग से ठगी करना सीखा. उन्होंने बताया कि आरोपी राज ने 1000 प्री ऐक्टिवेटेड सिम भी लखनऊ से दुबई भेजे थे. अभी लगातार आरोपियों से पूछताछ जारी है, इन्हें अब जेल भी भेजा जाएगा.
यह भी पढ़ें : लखनऊ में फर्जी ज्वाइनिंग लेटर और आईडी कार्ड बनाकर करते थे धोखाधड़ी, दो गिरफ्तार

