धौलपुर और अजमेर कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी, खाली कराए परिसर, की सघन जांच
अजमेर कलेक्ट्रेट को 22 दिसंबर की रात धमकी मिली थी. हालांकि आपत्तिजनक वस्तु की जांच अगले दिन सुबह की गई.


Published : December 23, 2025 at 1:40 PM IST
धौलपुर/अजमेर: धौलपुर और अजमेर जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. अजमेर कलेक्ट्रेट को ऐसी धमकी तीसरी बार मिली है. इसके साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर परिसर को खाली करवाया गया. दोनों जगह परिसरों की गहनता से जांच की जा रही है.
धौलपुर में धमकी के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया और कलेक्ट्रेट परिसर को खाली करा लिया गया. एसपी विकास सांगवान के साथ अन्य अफसर मौके पर मौजूद पहुंचे और हर पहलू की जांच की जा रही है. वहीं सुरक्षा के मद्देनजर कलेक्ट्रेट से सटे पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय को भी खाली कराया गया है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भरतपुर से बम निरोधक और डॉग स्क्वायड टीम को जांच के लिए बुलाया गया है.
पढ़ें: बाड़मेर कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की मिली धमकी, परिसर को करवाया खाली
'आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई': एसपी ने बताया कि रमेश कैला@आउट लुक डॉट कॉम से धमकी भरा मेल आया है, जिसमें धौलपुर कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. कलेक्ट्रेट परिसर को पूर्ण रूप से खाली कराया गया है. बम निरोधक और डॉग स्क्वायड टीम पूरे कलेक्ट्रेट परिसर को खंगाल रही है. वहीं धमकी मिलने के बाद कलेक्ट्रेट कार्यालय एवं एसपी कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. कलेक्ट्रेट एवं एसपी कार्यालय के मुख्य दरवाजों को बंद कर दिया गया. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जांच में अभी तक किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई है. प्रशासन को मिले मेल की गहनता से जांच की जा रही है. एसपी ने बताया दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.
पढ़ें: बारां कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिला
तीसरी बार मिली धमकी: वहीं, अजमेर में जिला कलेक्ट्रेट को तीसरी बार बम से उड़ने की धमकी ईमेल के जरिए मिली है. धमकी मिलने के बाद सुबह परिसर में विभिन्न विभागों के दफ्तरों से कर्मचारियों को बाहर, तो निकाल लिया गया, लेकिन जांच के लिए बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड सीएम विजिट को लेकर एयरपोर्ट पर रहे. ऐसे में सिविल लाइंस थाना पुलिस ने ही परिसर में घूम कर जांच की. बाद में डॉग स्कॉयड और बीडीएस की टीम ने परिसर में चप्पे-चप्पे की जांच की. पिछले दो बार मिली धमकी में अजमेर कलेक्ट्रेट और दरगाह को उड़ाने की धमकी दी गई थी. इस बार केवल कलेक्ट्रेट को बम से उड़ने की धमकी दी गई है. अजमेर में ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती का 814वां उर्स भी चल रहा है.
पढ़ें: चित्तौड़गढ़ कलक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी, चलाया सर्च ऑपरेशन
सीएम प्रोटोकॉल में रहे दस्ते: 22 दिसंबर की देर रात अजमेर जिला कलेक्टर के ईमेल पर धमकी मिली थी. अगले दिन 23 दिसंबर को 11 बजे बाद कलेक्ट्रेट परिसर की जांच सिविल लाइन थाना पुलिस ने की थी. जांच के नाम पर दफ्तरों से कर्मचारियों को बाहर निकाल लिया गया. कर्मचारी करीब 1 घंटे तक दफ्तर के बाहर जांच होने का इंतजार करते रहे. जब जांच होते हुए नजर नहीं आई, तो कर्मचारी अपने दफ्तर में बैठ काम करने लगे. कलेक्टर, एसपी अतिरिक्त कलेक्टर किशनगढ़ एयरपोर्ट पर सीएम भजनलाल शर्मा के प्रोटोकॉल में रहे. बाद में जब मीडियाकर्मी पंहुचे, तब आनन-फानन में बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड को बुलाया गया और परिसर की जांच शुरू की गई. इमरजेंसी रिस्पांस टीम के कमांडो की टीम कलेक्ट्रेट परिसर पहुंची और अन्य सुरक्षा एजेंसी के साथ मिलकर परिसर में सघन सुरक्षा जांच की.
इनका कहना है: अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति की ओर से भेजे गए ईमेल में कलेक्ट्रेट परिसर में आरडीएक्स होने के बारे में लिखा है. कलेक्ट्रेट परिसर में अलग-अलग सुरक्षा एजेंसीज सामूहिक रूप से जांच कर रही हैं. सिविल लाइन थाना के प्रभारी शंभू सिंह ने बताया कि पहले की तरह इस बार भी कलेक्ट्रेट को बम से उड़ने की धमकी मिली है. लेकिन इस बार दरगाह को बम से उड़ने की धमकी नहीं मिली है. उन्होंने कहा कि कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित सभी सरकारी दफ्तरों में जांच की जा रही है.

