ETV Bharat / state

दुर्ग में नाबालिग से छेड़छाड़ और धमकी देने वाला आरोपी हिरासत में, पिता की हत्या और तेजाब फेंकने की दी थी धमकी

दुर्ग में कोचिंग जाने वाली नाबालिग को परेशान करने का मामला, मोबाइल देकर बात करने के लिए किया मजबूर, पुलिस ने की कार्रवाई

Threatening minor durg
दुर्ग में नाबालिग से छेड़छाड़ और धमकी देने वाला आरोपी हिरासत में (ETV BHARAT CHHATTISGARH)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : June 29, 2026 at 9:02 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

दुर्ग: ज़िले में एक नाबालिग लड़की को लगातार परेशान करने और उसे गंभीर धमकियां देने का मामला सामने आया है. पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर जामुल पुलिस ने आरोपी रियाज को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. मामला जामुल थाने का है.

तेजाब फेंकने तक की दी धमकी

पीड़िता ने बताया कि आरोपी लंबे समय से उसका पीछा कर रहा था और अक्सर रास्ता रोककर उसे परेशान करता था. आरोपी ने लड़की को एक मोबाइल देकर जबरन उससे बात करने के लिए मजबूर किया. इतना ही नहीं, उसने पीड़िता के पिता को जान से मारने और लड़की के चेहरे पर तेजाब फेंकने की धमकी भी दी.

दुर्ग में कोचिंग जाने वाली नाबालिग को परेशान करने का मामला (ETV BHARAT CHHATTISGARH)

पहले भी हो चुकी है शिकायत

आरोपी की हरकतों से नाबालिग काफी डरी और सहमी हुई थी.घटना के बाद पीड़िता ने अपनी मां को पूरी आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिवार तत्काल जामुल थाने पहुंचा और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. पीड़िता के पिता ने पुलिस को बताया कि करीब छह महीने पहले भी आरोपी के खिलाफ शिकायत की गई थी, लेकिन उसकी हरकतों में कोई सुधार नहीं आया.

शिकायत करने पार्षद भी पहुंची

जामुल थाने में इस मामले की शिकायत की गई है. इस दौरान पार्षद वीणा वीणा चंद्राकर ने भी कहा कि पहले भी इस तरह का मामला आया था. बच्ची डरी-सहमी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रियाज को हिरासत में ले लिया है.

दुर्ग शहर एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि जामुल थाने में प्राप्त शिकायत के आधार पर आरोपी को पकड़ा गया है. पीड़िता का विस्तृत बयान दर्ज किया जा रहा है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपी पर अन्य धाराएं भी जोड़ी जाएंगी. फिलहाल जामुल पुलिस पूरे मामले की विवेचना में जुटी हुई है.

दुर्ग शराब पार्टी के बाद खूनी विवाद, 18 साल के युवक की हत्या, तालाब से हत्या में इस्तेमाल सब्बल और कपड़े मिले
पोटिया में धार्मिक स्थल विवाद गहराया, हिंदू जागरण मंच ने किया निगम में प्रदर्शन
कूरियर से नशे और हथियारों की सप्लाई, दुर्ग पुलिस ने जारी किए सख्त निर्देश