राजस्थान में धमकियों का दौर जारी: बीकानेर कलेक्ट्रेट और अलवर, चूरू पासपोर्ट केंद्र को बम से उड़ाने की ईमेल धमकी
राजस्थान सहित पूरे उत्तर भारत में फर्जी ईमेल कर धमकियां देने के मामले सामने हैं, जिनकी जांच उच्च स्तर पर भी की जा रही है.

Published : May 6, 2026 at 2:25 PM IST
बीकानेर/अलवर/चूरू: राजस्थान में सरकारी कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकियां लगातार मिल रही हैं. हालांकि ये धमकियां जांच में झूठी निकल रही हैं, लेकिन इससे प्रशासन और आम लोगों को काफी परेशानी हो रही है. बुधवार को बीकानेर जिला कलेक्ट्री और अलवर के मुख्य डाकघर परिसर स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी मिली. इस धमकी के बाद बीकानेर और अलवर प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं. बीकानेर में कलेक्ट्री परिसर को खाली करवाकर जांच अभियान शुरू किया गया. अलवर में पुलिस ने सघन जांच अभियान चलाया. इसके साथ ही चूरू पासपोर्ट सेवा केंद्र को भी जहरीले बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद चूरू पुलिस नें सर्च अभियान चलाया.
धमकी मिलने के बाद पुलिस की विशेष टीम, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे. कलेक्ट्री परिसर के अंदर और आसपास सघन तलाशी अभियान चलाया गया. सुरक्षा के मद्देनजर आमजन की आवाजाही पर कुछ समय के लिए रोक लगाई गई और कर्मचारियों को बाहर निकाला गया. एएसपी चक्रवर्ती सिंह राठौड़ ने बताया कि ईमेल से धमकी मिली है और इसकी जांच की जा रही है. साइबर टीम भी मामले की पड़ताल में जुटी हुई है. फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है. घटना के बाद जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है. कलेक्ट्री परिसर में आने-जाने वाले लोगों की जांच बढ़ा दी गई है तथा पूरे मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है.
16 बमों की धमकी: ईमेल में कलेक्ट्रेट परिसर में 16 बम होने की बात कही गई. जिस समय धमकी की सूचना मिली, उस समय जिला कलेक्टर निशांत जैन भी अपने कार्यालय में थे. सूचना के बाद तत्काल पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा भी मौके पर पहुंचे और पूरी पुलिस टीम मौके पर मुस्तैद नजर आई.
पहले भी आई धमकियां: बीकानेर सहित प्रदेश के अन्य जिलों में इस तरह की धमकियां लगातार मिली हैं, जहां पहले पोस्ट ऑफिस और जिला कोर्ट को उड़ाने की धमकी देखने को मिली, वहीं अब बीकानेर में जिला कलेक्टर परिसर उड़ाने की धमकी मिली है. वहीं पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा का कहना है कि बम से कलेक्टर परिसर को उड़ाने की धमकी ईमेल के जरिए मिली थी. इसके बाद एटीएस को सूचना दी गई और बीकानेर में साइबर सेल इस पर काम कर रही है. उन्होंने कहा कि पूरे उत्तर भारत में इस तरह की फर्जी ईमेल कर धमकियां देने के मामले सामने आए हैं, जिनकी जांच अब उच्च स्तर पर भी की जा रही है और स्थानीय स्तर पर उसकी जांच-पड़ताल कर रहे हैं.

अलवर में पासपोर्ट कार्यालय को उड़ाने की धमकी: अलवर के मुख्य डाकघर परिसर में संचालित पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया. पोस्टमास्टर रतनलाल मीणा ने बताया कि जयपुर हेड ऑफिस से सूचना मिली कि परिसर में 16 बम लगाए गए हैं. कर्मचारियों ने तुरंत परिसर खाली कर दिया. पुलिस ने सघन चेकिंग की, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. यह चौथी बार है जब डाकघर को ऐसी धमकी मिली है. मेल तमिलनाडु से भेजा गया है. पुलिस क्लियरेंस के बाद ही कार्यालय खोला जाएगा.
चूरू पासपोर्ट सेवा केंद्र बम से उड़ाने की धमकी: चूरू पोस्ट ऑफिस परिसर में उस वक़्त हड़कंप मच गया जब आरपीओ कार्यालय की मेल आईडी पर एक धमकी भरा ईमेल आया. धमकी भरें ईमेल में पोस्ट ऑफिस और उसके परिसर में संचालित हो रहे पासपोर्ट कार्यालय को दस जहरीले बम से उड़ाने की धमकी दी गई. सूचना पर कोतवाली थाना के सब इंस्पेक्टर फरमान खान और हैंड होल्ड मेटल डिटेक्टर टीम पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और सर्च अभियान चलाया.
बम से उड़ाने की धमकी भरें ई-मेल आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई और एहतियात बरतते हुए कार्यालय परिसर क़ो खाली करवा गया. सुरक्षा के मद्देनजर रखते हुए बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया और बिल्डिंग की गहनता से जांच की गई. जब जांच में कुछ नहीं मिला तो सभी कर्मचारियों ने राहत की सांस ली. बता दें राजस्थान में पोस्ट ऑफिस कार्यालयों में ही पासपोर्ट ऑफिस संचालित किए जा रहे हैं, और राजस्थान के सभी पासपोर्ट कार्यालयों को एक साथ बम से उड़ाने की धमकी मिली है.

