यात्रीगण ध्यान दें! कोटा होकर चलने वाली तीसरी अमृत भारत 28 से, गोरखपुर बांद्रा का जारी हुआ शेड्यूल
कोटा को तीसरी अमृत भारत ट्रेन मिलने वाली है. इस ट्रेन को 28 अगस्त से रेगुलर किया जा रहा है.

Published : August 24, 2026 at 5:22 PM IST
कोटा: राजस्थान में कोटा होकर एक के बाद एक तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाई जा रही है. अब तीसरी ट्रेन गोरखपुर से बांद्रा के बीच चलने वाली है. इस ट्रेन को 28 अगस्त से रेगुलर किया जा रहा है. कोटा रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि रेलवे बोर्ड ने ट्रेन नंबर 05053 गोरखपुर बांद्रा टर्मिनस वीकली स्पेशल ट्रेन को अमृत भारत के रूप में तब्दील करने के आदेश दिए थे.
इसी तरह से वापसी की ट्रेन नंबर 05054 बांद्रा टर्मिनस गोरखपुर वीकली स्पेशल को बदला गया है, जिसके अनुसार बदली गई ट्रेन 28 अगस्त से गोरखपुर से संचालित होगी. ट्रेन का नया नंबर 15085 और नाम गोरखपुर बांद्रा अमृत भारत वीकली एक्सप्रेस है. यह ट्रेन हर शुक्रवार सुबह 7:50 पर गोरखपुर से रवाना होगी और देर रात 12:55 पर कोटा पहुंचेगी. अगले दिन शनिवार 6:00 बजे यह बांद्रा टर्मिनस पहुंच जाएगी.
वापसी वाली ट्रेन का नया नंबर 15086 और नाम बांद्रा टर्मिनस गोरखपुर अमृत भारत वीकली एक्सप्रेस है. यह ट्रेन बांद्रा टर्मिनस से हर शनिवार को रात 9:20 पर रवाना होगी. इसके बाद रविवार सुबह 10:15 पर कोटा पहुंचेगी. इसके बाद सोमवार सुबह 6:45 पर गंतव्य गोरखपुर पहुंच जाएगी. ट्रेन में स्लीपर और जनरल के ही कोच लगाए जाएंगे. इस अमृत भारत एक्सप्रेस में गोरखपुर से बुकिंग शुरू हो गई है.
पढ़ें : रामगंज मंडी–भोपाल रेल लाइन के 24 किमी नए ट्रैक पर 120 की स्पीड से दौड़ी ट्रेन, अभी 51 किमी पटरी शेष
यात्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट और पीआरएस काउंटर से टिकट ले सकते हैं. जबकि मुंबई की तरफ से बुकिंग खोलना शेष है. आते और जाते समय यह ट्रेन खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, बादशाहनगर, ऐशबाग, कानपुर सेंट्रल, टूंडला, आगरा किला, बयाना, गंगापुर सिटी, कोटा, भवानी मंडी, शामगढ़, रतलाम, वड़ोदरा, सूरत, वलसाड, वापी, पालघर व बोरीवली पर स्टॉपेज करेगी.
कोटा होकर प्रयागराज से उधना के बीच ट्रेन सोमवार से ही अमृत भारत वीकली एक्सप्रेस चली है, यह शाम 5:40 पर कोटा आएगी. इसके बाद 26 अगस्त से अहमदाबाद से भागलपुर अमृत भारत ट्रेन भी नई संचालित हो रही है.

