उत्तराखंड में कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर सामुहिक दुष्कर्म मामला, तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार
रुड़की में महिला से सामूहिक दुष्कर्म मामले में तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार, महिला का अश्लील वीडियो भी बनाकर किया था वायरल

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : February 10, 2026 at 10:33 PM IST
रुड़की: हरिद्वार जिले में रुड़की कोतवाली क्षेत्र में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है. जिसके बाद पकड़े गए आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया. हालांकि, पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था.
नशीला कोल्ड ड्रिंक पिलाकर किया दुष्कर्म: पुलिस के मुताबिक, एक महिला ने रुड़की कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायती पत्र दिया. जिसमें महिला ने बताया था कि उसका पति ईंट-भट्टे पर काम करता है और लगभग 6 महीने पहले वो काम के लिए कोटद्वार गया था. शिकायती पत्र में महिला ने लिखा था कि उसके पति का दोस्त मेहरबान पुत्र मकसूद निवासी जौरासी (रुड़की) उसके घर आया था.
इस दौरान मेहरबान ने उसे कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दी. महिला का आरोप था कि उसमें कुछ नशीली चीज मिलाई गई थी. कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद वो बदहवास हो गई. महिला का आरोप था कि इसी बीच मेहरबान ने अपने दो अन्य दोस्तों सद्दाम पुत्र हबीब और इमरान पुत्र मुनफेत निवासी जौरासी (रुड़की) को भी वहां पर बुला लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया. इसके साथ उसकी अश्लील वीडियो भी बनाई गई.

आरोपी ने महिला का अश्लील वीडियो कर दिया था वायरल: महिला का आरोप था कि एक आरोपी उसका वीडियो वायरल करने का डर दिखाकर उसके साथ बार-बार दुष्कर्म करता रहा. जब महिला परेशान हो गई तो उसने उसकी बात को मानने से इंकार कर दिया. महिला की इस बात से नाराज मेहरबान ने उसकी वीडियो वायरल कर दी.
महिला को जब इसका पता चला तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई. ऐसे में महिला ने पुलिस को तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले में संबंधित धाराओं में केस दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की.
उधर, दूसरी ओर मामले की गंभीरता को देखते हुए हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए. जिसके बाद कोतवाली रुड़की पुलिस ने विशेष पुलिस टीम का गठन किया. टीम ने मामले की गहनता छानबीन शुरू की. जिसके तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी मेहरबान पुत्र मकसूद निवासी जौरासी, उसके साथी इमरान पुत्र मुनफेत को उनके ठिकानों से गिरफ्तार कर लिया.
जौरासी गांव से तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार: दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया. जिसके बाद पुलिस की टीम तीसरे आरोपी की तलाश में जुट गई. इसी कड़ी में पुलिस टीम ने 10 फरवरी मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर तीसरे आरोपी सद्दाम पुत्र हबीब को भी जौरासी गांव से गिरफ्तार कर लिया और आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया.
ये भी पढ़ें-

