कुरुक्षेत्र के पिहोवा में चोरों का आतंक, ताला तोड़कर एक साथ कई दुकानों में चोरी
कुरुक्षेत्र के पिहोवा में एक ही रात में चोरों ने कई दुकानों में चोरी के वारदात को अंजाम दिया.

Published : September 1, 2026 at 5:44 PM IST
कुरुक्षेत्र: पिहोवा-चीका मार्ग पर प्राइम पैलेस के पास चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया है, जहां एक ही रात में चोरों ने तीन दुकानों के शटर उखाड़कर व्यापारी वर्ग की रातों की नींद उड़ा दी. रात के सन्नाटे में महज आधे घंटे के भीतर अंजाम दी गई. इस वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था और गश्त पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
कैश व कीमती सामान पर किया हाथ साफः यह घटना लगभग मध्यरात्रि 12:00 से 12:30 बजे के बीच की है, जब पूरा शहर सो रहा था. चोरों ने बड़ी सफाई से एक के बाद एक तीन दुकानों के ताले तोड़े और शटर उखाड़कर भीतर रखे कैश व कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया. सुबह जब पास के ही एक पड़ोसी व्यापारी की नजर टूटे हुए शटरों पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत संबंधित दुकानदारों को इसकी सूचना दी. मौके पर पहुंचे दुकानदारों ने जब अंदर का नजारा देखा, तो उनके होश उड़ गए, सामान तितर-बितर पड़ा था और भारी नुकसान हो चुका था.
पूरी वारदात सीसीटीवी में कैदः घटना की सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की. गनीमत यह रही कि यह पूरी वारदात पास ही लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई. फुटेज में चोरों की संदिग्ध गतिविधियां साफ नजर आ रही हैं, जिसे दुकानदारों ने पुलिस के सुपुर्द कर दिया है.
स्थानीय व्यापारियों में आक्रोशः स्थानीय व्यापारियों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है. दुकानदार गुरविंदर सिंह और रमेश का कहना है कि "क्षेत्र में आपराधिक वारदातें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे उनका कारोबार करना दुभर हो गया है." उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि "सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए, उनका चोरी हुआ सामान बरामद कराया जाए और इलाके में रात्रि गश्त को सख्ती से बढ़ाया जाए ताकि भविष्य में ऐसी वारदातों पर रोक लग सके."
जांच में जुटी पुलिसः यहां पर एक दुकान से करीब ₹20000 की चोरी हुई है जबकि दो दुकानों से लाखों रुपए की चोरी हुई है. पुलिस नियमों के पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है सीसीटीवी के आधार पर चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस प्रयास में लगी हुई है.

