बिहार में झांसा देकर कांग्रेस नेता की गाड़ी में चोरों ने मारी बड़ी सेंध, लाखों का लैपटॉप और कीमती बैग उड़ाया
हाजीपुर में बदमाशों ने मोबिल गिरने का झांसा देकर कांग्रेस नेता की गाड़ी से लाखों का कीमती बैग उड़ाया. अमरेश कुमार शर्मा की रिपोर्ट

Published : August 19, 2026 at 8:56 PM IST
वैशाली: बिहार के वैशाली स्थित हाजीपुर में बेखौफ बदमाशों ने एक बार फिर एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. बुधवार को नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत शहर के मुख्य पथ पर स्थित व्यवहार न्यायालय गेट के पास बदमाशों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया. बदमाशों ने कांग्रेस के बड़े नेता की गाड़ी से कीमती बैग सहित लाखों रुपये का सामान उड़ा लिया है.
कोर्ट गेट के पास की घटना: वैशाली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार संजीव कुमार अपने निजी काम से कोर्ट आए थे. उनका ड्राइवर गाड़ी लेकर मुख्य सड़क पर न्यायालय गेट के पास खड़ा था. तभी बाइक पर सवार होकर आए अपराधियों ने पूरी योजना के साथ उनकी गाड़ी को अपना निशाना बनाया.
मोबिल गिरने का दिया झांसा: घटना को लेकर कांग्रेस नेता ने बताया कि बाइक पर सवार दो उचक्के वहां पहुंचे और ड्राइवर को कहा कि गाड़ी के इंजन से मोबिल गिर रहा है. बदमाशों की यह बात सुनकर ड्राइवर पूरी तरह से उनके झांसे में आ गया. वह गाड़ी से नीचे उतर गया.
बोनट खोलते ही बैग लेकर फरार: संजीव कुमार ने आगे बाताया कि ड्राइवर गाड़ी का बोनट खोलकर नीचे गिरने वाले मोबिल को ध्यान से देखने लगा. इसी बीच बाइक सवार दोनों शातिर बदमाश गाड़ी में रखा कीमती बैग लेकर पलक झपकते ही वहां से फरार हो गए. बदमाशों ने गाड़ी से मोबिल गिरने का झांसा देकर दिनदहाड़े कीमती बैग उड़ाया.
बैग में था लाखों का सामान: कांग्रेस नेता संजीव कुमार ने बताया कि बदमाशों द्वारा उड़ाया गया बैग एलवी कंपनी का था, जिसकी कीमत भी लाखों में है. इस कीमती बैग के अंदर तीन मोबाइल फोन, एक एप्पल कंपनी का लैपटॉप, एटीएम कार्ड और अन्य जरूरी सामान रखा हुआ था.
थाने में लिखित शिकायत दर्ज: घटना के तुरंत बाद कांग्रेस नेता संजीव कुमार ने नगर थाना पहुंचकर पुलिस को लिखित आवेदन दिया है. पीड़ित नेता द्वारा दिए गए इस लिखित आवेदन पर नगर थाना पुलिस मामले की छानबीन और अपराधियों की पहचान करने में जुट गई है.
"बदमाशों ने एलवी कंपनी का बैग चुरा लिया जिसकी कीमत भी लाखों में है. बैग के अंदर तीन मोबाइल फोन, एक एप्पल कंपनी का लैपटॉप, एटीएम कार्ड और अन्य जरूरी सामान रखा हुआ था. अभी पुलिस को लिखित आवेदन दिया है."- संजीव कुमार, कांग्रेस नेता
सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल: कांग्रेस नेता संजीव कुमार ने नगर थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया है जिस पर पुलिस जांच में जुट गई है. वहीं कांग्रेस नेता ने विधि व्यवस्था पर सवाल खड़ा करते हुए बताया, "जब नेता और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ इस तरह की घटनाएं घट रही हैं तो फिर आम लोगों की सुरक्षा भगवान भरोसे है."
अपराधियों की गिरफ्तारी की अपील: उन्होंने वैशाली पुलिस से विशेष अपील करते हुए कहा कि पुलिस जल्द से जल्द अपराधियों को गिरफ्तार करे और उनका सामान बरामद करे. उन्होंने पुलिस के आला अधिकारियों से अपराधियों को अविलंब पकड़कर कीमती सामान बरामद करने की गुहार लगाई है.
इसे भी पढ़ें-
चोरी करने आया चोर घर में ही सो गया, सुबह घरवालों की नींद खुलने पर पकड़ा गया
प.बंगाल: बकरी चोरी होते देखने के बाद 5वीं कक्षा के छात्र की हत्या, भीड़ ने आरोपी को पीटा, हालत गंभीर

