ETV Bharat / state

यूपी में अगले एक हफ्ते तक पड़ेगी कड़ाके की ठंड; शीतलहर से धूप बेअसर, बाराबंकी सबसे सर्द

कानपुर का न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस, बाराबंकी में पारा 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरा.

यूपी में ठंड-कोहरे का प्रकोप.
यूपी में ठंड-कोहरे का प्रकोप. (Photo Credit; ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : January 5, 2026 at 10:12 AM IST

8 Min Read
Choose ETV Bharat

लखनऊ : यूपी में ठंड का प्रकोप जारी है. पिछले चार दिनों से कड़ाके की सर्दी पड़ रही है. सोमवार को कई जिलों में सुबह के समय विजिबिलिटी न के बराबर रही. मौसम विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक आगामी एक हफ्ते तक कोई राहत नहीं मिलने वाली है. इस दौरान सुबह और रात के वक्त घना कोहरा छाया रहेगा. लखनऊ में ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी प्रमुख चौराहों और गांवों में अलाव जलाने के निर्देश दिए हैं. सोमवार को लखनऊ का मौसम साफ और धूप वाला रहेगा. हालांकि हल्की ठंडी हवाएं चलेंगी. दिन के समय अधिकतम पारा लगभग 19 और रात में 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास न्यूनतम तापमान रहने का अनुमान है.

गोरखपुर में कोहरे ने बढ़ाई परेशानी. (Video Credit; ETV Bharat)

इन जिलों में लुढ़केगा पारा: मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मंगलवार को कानपुर, इटावा, बाराबंकी, हरदोई और शाहजहांपुर जैसे जिलों में न्यूनतम तापमान काफी कम रह सकता है. इन इलाकों में पारा 3 से 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. जबकि बाराबंकी, कानपुर जैसे शहरों में ठंड का असर सबसे अधिक दिख सकता है, क्योंकि यहां घना कोहरा और शीतलहर जारी रहेगी. दिन में आसमान साफ रहेगा और हल्की धूप खिल सकती है. अधिकतम तापमान 18 से 19 और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

ये इलाके सबसे ठंडे, ऑरेंज अलर्ट जारी: मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश के पश्चिमी और तराई क्षेत्रों के कई जिलों, खासकर कानपुर, बाराबंकी और पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में घना कोहरा और शीतलहर के कारण तापमान में भारी गिरावट आई है. कानपुर का न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ और बाराबंकी में पारा 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. जिससे ये जिले सबसे ठंडे बने हुए हैं. मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

अभी और लुढ़केगा पारा: मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह ने बताया कि आने वाले तीन से चार दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से लेकर 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी हो सकती है. वहीं, अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा. अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है. इस सप्ताह तक प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में घना कोहरा रहने की संभावना है. इसकी वजह से सुबह और शाम विजिबिलिटी न के बराबर होगी.

कानपुर में सुबह के वक्त का नजारा.
कानपुर में सुबह के वक्त का नजारा. (Photo Credit; ETV Bharat)

कहा कि विजिबिलिटी नहीं होने के कारण अक्सर एक्सीडेंट केस हो रहे हैं. इस वजह से यदि बहुत ही ज्यादा आवश्यक हो तभी कोहरे में बाहर निकलें. आगामी दिनों में मौसम इसी तरीके से रहेगा सर्दी और बढ़ सकती है.

आगरा में सीजन की सबसे ठंडी रात: आगरा में सर्दी का सितम जारी है. ताजनगरी में रविवार की रात सीजन की सबसे ठंडी रात रही. आगरा में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री तथा अधिकतम 16.6 डिग्री दर्ज किया गया. मौसम विज्ञान विभाग का पूर्वानुमान है कि आगरा में अगले एक हफ्ते तक घना कोहरा रहेगा. शहर मे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 400 के ऊपर रही. जिजसे लोगों से मास्क पहनने और ज्यादा एहतियात बरतने की सलाह दी जा रही है.

घने कोहरे की चादर में लिपटा कानपुर: शहर में सर्दी का सितम अपने चरम पर है. उत्तर पश्चिमी हवाओं के चलते रविवार को कानपुर में पारा 7.4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया और 3.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान रहा. इससे पहले साल 2013 में कानपुर का रात का तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था. मौसम वैज्ञानिकों ने पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी को एक बड़ी वजह बताया है. आगामी दो दिनों तक भी शीतलहर बनी रहने की संभावना है. वहीं हल्की धूप होने के चलते रविवार को दिन का तापमान एक डिग्री सेल्सियस बढ़ गया और 17.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. हालांकि अगले 24.-48 घंटों में तापमान में थोड़ी और गिरावट आने के आसार हैं.

भीषण ठंड में अलाव ही लोगों का सहारा बना है.
भीषण ठंड में अलाव ही लोगों का सहारा बना है. (Photo Credit; ETV Bharat)

मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि, आगामी 10 जनवरी तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा. साथ बेहद घना कोहरा बने रहने के आसार हैं. मौसम विभाग की ओर से 10 जनवरी तक येलो अलर्ट जारी है. वहीं, सोमवार सुबह कानपुर में हाइवे से गुजरने वालों को बहुत अधिक कोहरे का सामना करना पड़ा. सुबह करीब छह बजे कोहरे के चलते लोगों को ठीक से कुछ भी नहीं दिख रहा था. कोहरे के असर के चलते श्रमशक्ति, तेजस समेत 60 से अधिक ट्रेनें देरी से सेन्ट्रल स्टेशन पहुंचीं.

बनारस ने हल्की बारिश ने बढ़ाई ठंड: नए साल की शुरुआत जबरदस्त ठंड के साथ हुई है. वाराणसी में शनिवार को हुई हल्की बारिश ने ठंड का असर और बढ़ा दिया है. हालांकि रविवार को दोपहर बाद सूर्य देवता ने दर्शन दिए, लेकिन धूप बेअसर दिखाई दी. कुछ देर बाद बादलों ने फिर से सूर्य को ढंका और तेज सर्द हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया. शाम होते-होते तक ठंड का तेवर ऐसा चढ़ा कि अधिकतम तापमान के साथ न्यूनतम तापमान भी गिरा. रविवार को अधिकतम तापमान 17.6 डिग्री दर्ज किया गया जो औसत से 2.9 डिग्री कम था, जबकि शाम होने के बाद चल रहीं सर्द हवाओं ने गलन बढ़ाई. न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो औसत से 4.2 डिग्री अधिक था. इस बारे में मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि 7 जनवरी तक कोहरा पड़ने का अलर्ट है. जिला प्रशासन ने ठंड को देखते हुए 6 जनवरी से खुल रहे स्कूलों की समय सीमा बढ़ाकर 7 जनवरी कर दी है.

आगरा में ठंड के कारण सड़कें जल्दी ही सूनी हो जा रही हैं.
आगरा में ठंड के कारण सड़कें जल्दी ही सूनी हो जा रही हैं. (Photo Credit; ETV Bharat)

गोरखपुर में कोहरे के कारण रेंगते नजर आए वाहन: कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का असर प्रदेश के जहां हर हिस्से में है, वहीं गोरखपुर भी इससे अछूता नहीं है. सोमावर सुबह 4 से 6 बजे के दौरान तापमान 8 से 9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. इस दौरान सड़कों पर घुप अंधेरा दिखाई दिया. रोडवेज की बसें बहुत धीमी गति से चलती नजर आईं. अन्य वाहन भी सड़क पर रेंगते दिखे. फिलहाल 5 और 6 जनवरी को भी कड़ाके की ठंड और कोहरे का अनुमान मौसम विभाग ने जताया है. जिला आपदा प्रबंधन गौतम गुप्ता ने बताया है कि फिलहाल सोमवार को धूप निकलने की कोई उम्मीद नहीं है. दोपहर के समय तापमान 12 से 14 डिग्री पहुंच सकता है. जिला प्रशासन ने पहले ही स्कूल जो 12वीं तक हैं, उन्हें उन्हें आज यानी 5 जनवरी तक के लिए बंद कर दिया है. अगली घोषणा मौसम के हालत को देखकर की जा सकती है. मौसम की वजह से दिल्ली, कोलकाता, गुजरात, मुंबई से आने वाली ट्रेनें आठ से दस घंटे देरी से चल रही हैं तो विमानों की उड़ान पर भी असर पड़ा है.

गोरखपुर में कोहरा.
गोरखपुर में कोहरा. (Photo Credit; ETV Bharat)

मेरठ में बढ़ रही गलन, AQI भी खतरनाक स्टेज पर: मेरठ में सूर्यदेव ने दर्शन तो दिए, लेकिन ठंड का प्रकोप कम नहीं हुआ. हालांकि मेरठ में सोमवार सुबह से ही मौसम साफ बना हुआ है. मौसम वैज्ञानिक मानते हैं कि शीतलहर के प्रकोप के चलते पारा आने वाले दिनों में अभी और गिरेगा. रविवार को दिन में धूप भी खिली थी, लेकिन सर्दी कम नहीं हुई.
स्कूलों में सर्दी के चलते अवकाश हैं. मौसम विभाग के अनुसार मेरठ में बीते दिन जहां दिन का अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तक रहा, वहीं रात का तापमान 7.4 से 8.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इस समय का तापमान 9 डिग्री सेल्सियस है. सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि और प्रोद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक पीके शाही के मुताबिक अभी शीतलहर बढ़ने के आसार हैं. ऐसे में वेस्ट यूपी में कड़ाके की सर्दी के आसार हैं. वहीं एयर क्वालिटी इंडेक्स भी खराब स्थिति में बना हुआ है. वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 218 है. वरिष्ठ चेस्ट रोग विशेषज्ञ डॉक्टर विरोत्तम तोमर का कहना है कि विशेष रूप से अस्थमा और हृदय रोग से संबंधित समस्या जिन मरीजों को है, उन्हें परेशानी हो सकती है. मॉर्निंग वाक से ऐसे व्यक्ति परहेज करें, घर में एक्सरसाइज कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें: सदगुरु रीतेश्वर महाराज बोले-'दबदबा था, दबदबा है, दबदबा रहेगा', सुनकर रो पड़े बृजभूषण