ETV Bharat / state

सरिस्का टाइगर रिजर्व में पर्यटकों के लिए नया नियम, सफारी के दौरान नहीं ले जा सकेंगे मोबाइल फोन

सरिस्का टाइगर रिजर्व में सफारी के दौरान मोबाइल फोन पर सख्त प्रतिबंध लगा दिया गया है. पर्यटकों को फोन गाइड को जमा करने होंगे.

MOBILE BAN IN SARISKA
सरिस्का टाइगर रिजर्व (ETV Bharat Alwar)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : February 21, 2026 at 4:53 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

अलवर: देश-विदेश में बाघों के लिए विख्यात सरिस्का टाइगर रिजर्व में अब सफारी के दौरान पर्यटक मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे. सरिस्का प्रशासन ने सफारी के दौरान मोबाइल के उपयोग पर पूरी तरह पाबंदी लगाई है. सफारी के दौरान पर्यटकों को जंगल में प्रवेश करते समय अपने मोबाइल फोन टूरिस्ट गाइड को जमा कराने होंगे. सफारी खत्म होने पर मोबाइल फोन पर्यटकों को लौटा दिए जाएंगे. इस आदेश का उल्लंघन करने पर पर्यटकों के खिलाफ भारी जुर्माना लगाने से लेकर एफआईआर दर्ज करने तक की कार्रवाई की जा सकेगी.

सरिस्का टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर एवं सीसीएफ संग्राम सिंह कटियार ने बताया कि सरिस्का प्रशासन ने सफारी के दौरान मोबाइल के उपयोग पर प्रतिबंध का आदेश न्यायालय के निर्देशों की पालना में जारी किया है. सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के चलते सफारी के दौरान पर्यटक कई बार रील्स बनाने और फोटो व वीडियो बनाने के प्रयास में बाघ एवं अन्य वन्यजीवों के नजदीक तक चले जाते हैं. ऐसे में जंगल में मानवीय दखल बढ़ने से वन्यजीवों को परेशानी होती है, वहीं कई बार बाघ, पैंथर एवं अन्य वन्यजीवों के हमले की आशंका भी बढ़ जाती है. सफारी के दौरान मोबाइल फोन से फोटो और वीडियो बनाने की होड़ से बचने के लिए सरिस्का प्रशासन ने ये आदेश जारी किए हैं.

सीसीएफ संग्राम सिंह कटियार (ETV Bharat Alwar)

इसे भी पढ़ें- बाघ-विहीन से हाफ सेंचुरी तक: सरिस्का में पर्यटकों को रोमांचक अनुभव, एक ही दिन में 4-5 टाइगर की साइटिंग

वीडियो वायरल करने की रहती है होड़: संग्राम सिंह ने बताया कि सरिस्का में बाघों की संख्या बढ़कर 49 तक पहुंच गई है. टाइगर की संख्या में बढ़ोतरी का नतीजा यह रहा कि सफारी के दौरान पर्यटकों को बाघों की आसान साइटिंग होने लगी है. इस कारण पर्यटकों में बाघों के पास पहुंचकर रील्स बनाने, वीडियो बनाने एवं फोटो शूट करने का फैशन बढ़ गया है. बाघ, पैंथर व अन्य वन्यजीवों के नजदीक पहुंचने से सरिस्का में वन्यजीव जनित हादसों की आशंका बढ़ने लगी थी.

उन्होंने कहा कि टाइगर व अन्य वन्यजीवों के दिखने पर वहां पर्यटकों की भीड़ जमा होने की समस्या भी बढ़ गई थी, जिससे वन्यजीवों के स्वच्छंद विचरण में खलल पड़ने के साथ ही उनके व्यवहार में बदलाव की आशंका बढ़ने लगी थी. जंगल में वन्यजीवों को होने वाली परेशानी को देखते हुए पिछले दिनों न्यायालय ने भी जंगल में मानवीय हस्तक्षेप कम करने एवं मोबाइल के उपयोग को सीमित करने की जरूरत बताई थी. इसके चलते ही सरिस्का प्रशासन ने सफारी के दौरान मोबाइल उपयोग पर सख्ती बरतने का आदेश दिया है.

इसे भी पढ़ें- सरिस्का टाइगर रिजर्व: युवा बाघों की टेरिटरी को लेकर बढ़ी चिंता, 'सांगा' की तलाश जारी

गाइड करेंगे मोबाइल फोन जमा: फील्ड डायरेक्टर एवं सीसीएफ संग्राम सिंह कटियार ने बताया कि न्यायालय के निर्देशों की पालना में सरिस्का में सफारी के दौरान मोबाइल के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने के आदेश दिए गए हैं. उन्होंने बताया कि सभी जिप्सी ड्राइवर व टूरिस्ट गाइडों को निर्देशित किया है कि सफारी के दौरान टूरिस्टों की ओर से वन्यजीवों की वीडियो रिकॉर्डिंग, रील बनाने व फोटो लेने की गतिविधियों पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी. इसके लिए सफारी शुरू होने पर गाइड पर्यटकों के मोबाइल फोन एक बॉक्स में जमा कर लें और सफारी खत्म होने पर उन्हें वापस लौटा दें.

उन्होंने बताया कि संज्ञान में आया है कि कुछ लोग सफारी के दौरान चोरी-छुपे टाइगर व अन्य वन्यजीवों की वीडियोग्राफी करते हैं, जो कि नियमों का उल्लंघन है. ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए मॉनिटरिंग की जा रही है. कटियार ने बताया कि इन आदेशों की पालना नहीं करने पर भारी जुर्माना लगाने से लेकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तक की कार्रवाई की जा सकेगी.

इसे भी पढ़ें- सरिस्का में 3 शावकों के साथ नजर आई बाघिन एसटी-30, रोमांच से भरे सैलानी