जिस मैदान में होना है खेल महोत्सव वहां नहीं है शौचालय, अब की जा रही है वैकल्पिक व्यवस्था
हजारीबाग के कर्जन ग्राउंड में खेल महोत्सव आयोजित किया जा रहा है, लगभग 1300 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे. मगर वहां शौचालय की उचित व्यवस्था नहीं है.

Published : August 27, 2026 at 3:22 PM IST
हजारीबागः राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिले में 29 से 31 अगस्त तक खेल महोत्सव आयोजित किया जा रहा है. इस आयोजन में 7 जिलों से 1288 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे. जिस कर्जन ग्राउंड में लगभग 1300 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे वहां शौचालय ही नहीं है. ऐसे में आयोजनकर्ता के लिए यह चुनौती बन गई है कि आखिर कैसे सफलतापूर्वक कार्यक्रम का आयोजन कराया जाए.
शौचालय जर्जर हालत में हैं
हजारीबाग के ऐतिहासिक कर्जन ग्राउंड में चार शौचालय हैं. लेकिन एक भी शौचालय काम के लायक नहीं है. गंदगी और टूटे फूटे शौचालय में भी लोग नाक बंद करके जाते हैं. जिसमें महिला खिलाड़ी भी शामिल हैं. महत्वपूर्ण बात यह है कि इस गर्जन ग्राउंड में जिला प्रशासन की ओर से खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है.
लगभग 1300 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे
29, 30 और 31 अगस्त को होने वाले इस इवेंट में सात जिले हजारीबाग, कोडरमा, चतरा, रामगढ़, गिरिडीह, बोकारो और धनबाद हैं, यहां के 1,200 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे. चूंकि सभी इवेंट एक ही कैंपस में होने हैं, इसलिए सवाल उठता है कि प्रतिभागी टॉयलेट का इस्तेमाल करने कहां जाएंगे. जब हजारीबाग के मेयर अरविंद राणा से इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि टॉयलेट की सुविधा देना म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन की जिम्मेदारी है. कर्जन ग्राउंड में मौजूद टॉयलेट खराब हैं, इसलिए मोबाइल टॉयलेट का इंतजाम किया जाएगा.

शहर में खेल मशाल जुलूस निकाला गया
3 दिवसीय प्रमंडलीय खेल महोत्सव को लेकर 25 अगस्त को शहर में खेल मशाल जुलूस निकाला गया. नगर निगम के महापौर अरविंद राणा मशाल लेकर सड़कों पर उतरे और लोगों को निमंत्रण दिया कि तीन दिवसीय खेल महोत्सव में सभी शामिल हों और उसकी भव्यता को बढ़ाएं.
शौचालय बहुत पहले बनना चाहिएः खिलाड़ी
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडलीय नॉक आउट टूर्नामेंट का आयोजन जिला मुख्यालय में होने जा रहा है. हजारीबाग के खिलाड़ी भी कहते हैं कि जिला प्रशासन को स्टेडियम में शौचालय बहुत पहले बनना चाहिए था. शौचालय नहीं होने से काफी अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. जब यह आयोजन होगा तो खिलाड़ियों के साथ-साथ स्थानीय लोग भी आएंगे. ऐसे में 1-2 चलंत शौचालय में काम कैसे चलेगा.
कर्जन ग्राउंड ऐतिहासिक और सबसे महत्वपूर्ण मैदानों में से एक है, जहां जिला स्तरीय कई कार्यक्रम का आयोजन होता है. जिला प्रशासन और नगर निगम की उदासीनता के कारण शौचालय का निर्माण अब तक नहीं हो पाया है. निसंदेह इस आयोजन में खिलाड़ियों को शौचालय को लेकर समस्या होना लाजमी भी है.
ये भी पढ़ें:

