कोटा के तलवंडी में 1 करोड़ से ज्यादा की चोरी, आरोपी गिरफ्तार, बरामद किए 45 लाख रुपए
पीड़ित व्यापारी के अनुसार चोरी की घटना तब हुई, जब वे किसी शादी समारोह में अहमदाबाद गए हुए थे.

Published : February 25, 2026 at 9:38 PM IST
कोटा: शहर पुलिस ने तलवंडी इलाके में हुई 1 करोड़ रुपए से ज्यादा की चोरी के मामले में खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. यह शातिरना नकबजन मूल रूप से बारां निवासी है और कोटा में रहकर ही सूने मकान में चोरी की वारदातों को अंजाम देता है. घटना के समय परिवार घर को सूना छोड़कर शादी समारोह में अहमदाबाद गया हुआ था. वापस लौटने पर उन्हें चोरी का पता चला.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोटा शहर दिलीप सैनी ने बताया कि 23 फरवरी को तलवंडी निवासी एक व्यापारी ने मुकदमा दर्ज कराया था कि वह शादी के बाद रिसेप्शन के लिए अहमदाबाद गए हुए थे. घर पर ताला लगा हुआ था. अहमदाबाद से वापस आने पर जब उन्होंने 22 फरवरी को देखा, तब घर के ताले टूटे हुए थे. अलमारी से लाखों रुपए की नकदी गायब थी. घर से मां और पत्नी के जेवरात के साथ चांदी का सामान भी चोरी हो गया था. इस मामले में जवाहर नगर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था.
मामले में घर पर एफएसएल, एमओबी अन्य टीमों को भी भेजा गया. इसकी जांच पड़ताल में सीओ प्रथम योगेश शर्मा, पंचम रुद्र प्रताप सिंह, जवाहर नगर थानाधिकारी राम लक्ष्मण और उद्योग नगर थाना अधिकारी जितेंद्र सिंह शेखवात जुटे हुए थे. घटनास्थल से तकनीकी साक्ष्य, फिंगरप्रिंट व ट्रांसफर प्रिंट उठाए थे. जांच में सामने आया कि एक ही व्यक्ति ने चोरी की है. जिसके बाद बारां के कवाई सालपुरा सब्जी मंडी निवासी विशाल उर्फ घोड़ी को गिरफ्तार किया गया. वह वर्तमान में उद्योग नगर थाना इलाके के प्रेम नगर में किराए से रहता है. आरोपी के कब्जे से 45 लाख 30 हजार 800 रुपए बरामद किए गए हैं. पुलिस ने आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लिया है.
पढ़ें: बुजुर्ग को गिराकर थैला लिया, फिर उन्हीं की ज्वेलरी दुकान से किया लाखों का सामान पार
इस तरह एक करोड़ से ज्यादा की है चोरी: व्यापारी की दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक उसके घर से 45 से 50 लाख नगद चोरी हुए थे. इसके अलावा मां और पत्नी की ज्वेलरी भी चोरी हो गई थी. जिसमें भी लाखों रुपए की सोने की 8 चूड़ियां, 1 चूड़ा सेट, 6 कड़े, एक चैन व लॉकेट, 10 अंगूठियां, 6 कानों के टॉप्स, 5 सोने के झुमके, दो सोने के सेट (कान, गला व अंगूठी), सोने की चार गिनी, सोने की नथ व टीका था. इसके साथ ही 6 जोड़ी चांदी की पायल, एक चांदी का लोटा, गिलास, कटोरी शामिल है. यह ज्वेलरी भी करीब 60 लाख से ज्यादा की है.

