सूने मकान में चोरी करने वाले अरेस्ट, गांव के युवकों ने की थी सेंधमारी, श्मशान में छिपाया था चोरी का माल
बालोद में सूने मकान में चोरी करने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.आरोपियों के पास से चोरी का माल बरामद किया गया.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : May 11, 2026 at 5:50 PM IST
बालोद : देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम परसुली में हुई बड़ी चोरी की वारदात को सुलझाने में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने गांव के ही तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए करीब 6 लाख 2 हजार 709 रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी बरामद की है.आरोपियों ने चोरी का सामान पकड़े जाने के डर से श्मशान घाट की जमीन में गाड़ कर छिपा दिया था.
कब हुई थी चोरी ?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी कमलेश कुमार केशरिया 26 अप्रैल को अपने परिवार के साथ डोगरगांव एक सगाई कार्यक्रम में गया था. जब रात करीब 12:30 बजे परिवार वापस लौटा, तो घर के मुख्य दरवाजे की कुंडी टूटी हुई मिली. अंदर अलमारी का लॉकर खुला था और उसमें रखे गहने समेत नगदी गायब थे. प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना देवरी में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी.

मुखबिर की सूचना पर दबोचे गए आरोपी
एसपी योगेश पटेल और एएसपी मोनिका ठाकुर के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने जब गांव में जांच शुरू की, तो मुखबिर से सूचना मिली कि घटना के दिन गांव के ही तीन युवक—भीखम लाल सिन्हा, रामेश्वर उर्फ झम्मन सोनकर और जितेश उर्फ जीतू प्रार्थी के घर के आसपास संदिग्ध अवस्था में देखे गए थे. पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को हिरासत में लिया। .कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने चोरी की बात स्वीकार कर ली.
श्मशान घाट में छिपाया था चोरी का माल
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने चोरी के जेवरात को खरखरा नदी के पास स्थित श्मशान घाट में गड्ढा खोदकर छिपा दिया था. पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर मौके पर पहुंचकर जमीन खोदकर माल बरामद किया.
मामले की गंभीरता को देखकर पुलिस और साइबर सेल की टीम ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.इस मामले में पूरा चोरी का माल जब्त किया गया है और आगे कार्रवाई की जा रही है - मोनिका ठाकुर, एएसपी
किन चीजों की हुई जब्ती
चांदी: 1 किलो 650 ग्राम (पायल, करधन, बिछिया)
सोना: 27.600 ग्राम (रानी हार, मंगलसूत्र, फुल्ली)
नकदी: ₹34,209/-
किनकी रही सराहनीय भूमिका
चोरी की गुत्थी सुलझाने में देवरी थाना प्रभारी मनीष शेण्डे, ASI रामप्रसाद गजबिहे, सायबर सेल से ASI धरम भुआर्य, आरक्षक दिलीप बर्मन, राहुल मनहरे, विपिन गुप्ता और उनकी टीम का विशेष योगदान रहा। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.ASP मोनिका ठाकुर ने सभी व्यक्तियों को सीसीटीवी लगाने की भी अपील की है.

