26 CCTV.. टीओपी, 4 गार्ड और एक ऑफिसर.. फिर भी बिहार के इस मंदिर से करोड़ों के गहने उड़ा ले गए चोर
बिहार में चोरों ने भगवान को भी नहीं छोड़ा है. गोपालगंज जिले के थावे दुर्गा मंदिर में भीषण चोरी हुई है. पढ़ें

Published : December 18, 2025 at 12:06 PM IST
गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले में थावे भवानी मंदिर में भीषण चोरी हुई है. शातिर चोरों ने मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर मां दुर्गा की प्रतिमा पर से 51 लाख का सोने-चांदी का मुकुट, कीमती हार और अन्य जेवरात चुरा लिए हैं. मंदिर के भीतर रखे लॉकर (दानपेटी) को भी निशाना बनाया है. चोरी गए सामान की कीमत करोड़ों रुपए बताई जा रही है.
थावे मंदिर में चोरी: मंदिर के पुजारी ने बताया कि "गुरुवार सुबह जब पूजा-अर्चना के लिए पहुंचा तो मंदिर के अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था. मां की प्रतिमा से गायब आभूषण देखकर उनके होश उड़ गए."
CCTV में कैद हुई चोरों की करतूत: चोरी की पूरी वारदात मंदिर के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. कैमरे में साफ दिख रहा है कि चोर मंदिर के अंदर सीढ़ी और रस्सी की मदद से पहुंचे. दानपेटी का गैस कटर से ताला काटा गया. इसके बाद आराम से चोर मां भवानी के जेवर और दानपेटी उठा ले गए. लेकिन मंदिर के बाहर मौजूद सुरक्षाकर्मियों को इसकी भनक तक नहीं लगी.
फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड की टीम पहुंची: सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है. पुलिस ने पूरे मंदिर परिसर को घेर लिया है और साक्ष्य के लिए कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके. जांच को और तेज करने के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद भी ली जा सकती है. वहीं इस वारदात के बाद एसपी अवधेश दीक्षित सदर एसडीपीओ प्रांजल मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है.
"देर रात पीछे की दीवार से दो चोर मंदिर में घुसे और गर्भगृह में घुसकर ताला काटा गया. इस दौरान चोरों ने मुकुट, हार, छतरी की चोरी की है. इस मामले में हम लोगो के द्वारा एसआईटी का गठन किया गया है. कोशिश है कि जो भी चोर हैं, उनकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जा सके. जो माता का हार और सामान गया है, उसको बरामद करने की कोशिश है."- अवधेश दीक्षित, एसपी

"जिनकी रात को गश्ती थी, उनकी क्या भूमिका रही है, इसकी जांच हो रही है. दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी. अलग-अलग बिंदुओं पर जांच की जा रही है. इस पवित्र मंदिर में जिसने भी चोरी की है, उसे सख्त से सख्त सजा दी जाएगी. यहां पर टीपीओ है. सुरक्षा के लिहाज से यहां ऑफिस और गार्ड की तैनाती रहती है, बावजूद चोरी हुई है. इसलिए इन सभी की जांच की जा रही है."- प्रांजल, एसडीपीओ
मंदिर के पास टीओपी: बता दें कि गर्भगृह समेत मंदिर परिसर में करीब 26 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. मंदिर के पास में टीओपी स्थित है, जहां चार गार्ड और एक ऑफिसर की तैनाती है. सीसीटीवी की निगरानी आठ लोगों द्वारा अपने मोबाइल से की जाती है. बावजूद इस वारदात को अंजाम देना सवालों के घेरे में है.

लोगों में घटना से आक्रोश: घटना की खबर आग की तरह फैली और देखते ही देखते मंदिर परिसर में स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा हो गई. लोगों में इस बात को लेकर काफी आक्रोश है कि इतने प्रसिद्ध और संवेदनशील धार्मिक स्थल पर सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक कैसे हुई?
ये भी पढ़ें
पहले भगवान भोलेनाथ को किया प्रणाम, फिर उठा ले गया नाग, देखें वीडियो - THEFT FROM TEMPLE

