राम जानकी मंदिर में भीषण चोरी, तीन अष्टधातु की मूर्तियां गायब
सारण में चोरों ने भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण की अष्टधातु की मूर्तियां चुरा ली. एसएसपी ने मामले में एसआईटी का गठन किया है.

Published : January 5, 2026 at 4:06 PM IST
छपरा: इन दिनों बिहार के सारण में चोरी की घटनाएं बढ़ गईं हैं. चोरों ने इस बार मंदिर को निशाना बनाया है. देर रात जिले के मशरख स्थित राम जानकी मंदिर में लाखों की चोरी हुई है. आज अहले सुबह सफाईकर्मियों ने इसकी सूचना थाने को दी. जिसके बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है. हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है.
राम जानकी औैर लक्ष्मण की मूर्ति गायब: घटना रविवार रात करीब 12:30 बजे की है. चोरों ने मंदिर के पीछे का ताला काटकर छोटे गेट की कुंडी तोड़ दी. सीसीटीवी कैमरे के तार को भी काट दिया गया. भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण की अष्टधातु की कुल तीन मूर्ति और नकद राशि लेकर चोर फरार हो गए. सीसीटीवी में चार संदिग्ध चोरों को घटनास्थल के आसपास देखा गया है.

सफाईकर्मी ने दी चोरी की सूचना: सुबह जब मंदिर की सफाई के लिए सफाईकर्मी आए तो देखा कि मूर्ति गायब है. जिसके बाद उसने चोरी की घटना की सूचना थाने को दी. वहीं सूचना के बाद मशरख थाना पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी. खुद पुलिस उपमहानिरीक्षक-सह-वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-मढ़ौरा 2 ने भी मंदिर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया.
मामले में एसआईटी का गठन: वहीं, घटना के सफल उद्भेदन के लिए मशरख एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है, जो तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर गहन अनुसंधान कर रही है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है. सीसीटीवी में चार संदिग्ध नजर आ रहे हैं. डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया है.
मशरख थानान्तर्गत रामजानकी मंदिर में घटित चोरी की घटना के घटनास्थल का पुलिस उपमहानिरीक्षक-सह-एसएसपी, सारण द्वारा किया गया निरीक्षण, संबंधित पदाधिकारी को दिये गये विभिन्न दिशा-निर्देश#SaranPolice #BiharPolice #BiharHomeDept #HaiTaiyaarHum @bihar_police @ipskumarashish pic.twitter.com/XuDGzHJ8hB
— SARAN POLICE (@SaranPolice) January 5, 2026
एसएसपी ने की बड़ी कार्रवाई: फिलहाल इस मामले में एसएसपी कुमार आशीष ने रात्रि गश्ती दल के एएसआई जितेन्द्र चौधरी को गश्ती और चेकिंग कार्य में लापरवाही बरतने के लिए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. उन्होंने कहा कि अन्य दोषी और लापरवाह अधिकारियों को चिह्नित कर कठोर कार्रवाई की जाएगी. साथ जल्द ही सभी अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए एसआईटी का गठन किया गया है.
"आज दिनांक-05.01.26 को मशरख थाना अंतर्गत रामजानकी मंदिर में चोरी की घटना की सूचना मंदिर के सफाईकर्मी द्वारा प्रातः लगभग 03:00 बजे थाना को दी गई. सूचना के आलोक में मशरक थाना पुलिस टीम द्वारा तत्काल जांच प्रारंभ की गई. घटना के सफल उद्भेदन हेतु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है. जांच पूर्ण होने के उपरांत लापरवाह पुलिसकर्मियों पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी."- कुमार आशीष, एसएसपी, सारण
ये भी पढ़ें:
भगवान भी सुरक्षित नहीं! तीसरी बार चोरी हुई अष्टधातु की मूर्तियां, खिड़की तोड़ प्रतिमा ले गए चोर
साथी के साथ मिलकर चुराई थी भगवान की प्रतिमा, पुलिस ने किया गिरफ्तार, अब जेल में कटेगी जिंदगी

