ETV Bharat / state

बलौदाबाजार सोलर प्लांट में चोरी, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे चोर की तलाश जारी

बलौदाबाजार के सोलर प्लांट में सेंधमारी का खुलासा हुआ है. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

Balodabazar Police Action
बलौदाबाजार पुलिस का एक्शन (ETV BHARAT)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : May 3, 2026 at 8:22 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

बलौदाबाजार: जिले में हरित ऊर्जा के बढ़ते विस्तार के बीच केसडबरी स्थित सोलर पावर प्लांट में हुई बड़ी चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. करीब 4 लाख 50 हजार रुपए के उपकरण चोरी होने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी अभी भी फरार है. इस घटना ने न केवल स्थानीय प्रशासन को अलर्ट कर दिया है, बल्कि यह भी दिखा दिया है कि निर्माणाधीन प्रोजेक्ट्स में सुरक्षा की जरा सी चूक भारी नुकसान में बदल सकती है.

लगातार दो रात में हुई चोरी

ग्राम केसडबरी में पिछले छह महीनों से सोलर पावर प्लांट का निर्माण कार्य चल रहा है. इसी दौरान 1 मई 2026 को अज्ञात आरोपियों ने प्लांट से एक इनवर्टर का केबल और सोलर पैनल चोरी कर लिया. चोरी यहीं नहीं रुकी. उसके बाद 2 मई की रात आरोपियों ने फिर वारदात को अंजाम दिया और चार इनवर्टरों के केबल वायर उड़ा ले गए. दो दिनों में की गई इस सुनियोजित चोरी से प्लांट प्रबंधन को लगभग 4.50 लाख रुपए का नुकसान हुआ.

Stolen Goods Recovered in Balodabazar
चोरी का सामान बरामद (ETV BHARAT)

शिकायत के बाद पुलिस तफ्तीश शुरू

इस संबंध में राधा विहार कॉलोनी निवासी प्रार्थी गुलबेद खान ने सिटी कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई. रिपोर्ट मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी. भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया. टीम गठित कर आरोपियों की तलाश तेज की गई.

Accused of Theft at Solar Plant Arrested
सोलर प्लांट में चोरी का आरोपी गिरफ्तार (ETV BHARAT)

बलौदाबाजार सिटी कोतवाली थाना पुलिस कर रही जांच

सिटी कोतवाली थाना के थाना प्रभारी लखेश केंवट ने ETV भारत को बताया कि सोलर पावर प्लांट में हुई चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की गई. उन्होंने कहा कि सुरक्षा गार्डों से मिली सूचना और मौके पर जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई. इसके बाद पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए एक आरोपी संतोष देवार को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ में अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया है.

आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया केबल वायर का कुछ हिस्सा बरामद किया गया है और घटना में इस्तेमाल औजार भी जब्त किए गए हैं. इस केस में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है. जल्द ही फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा- लखेश केवंट, थाना प्रभारी, सिटी कोतवाली, बलौदाबाजार पुलिस

ऐसे गिरफ्त में आया आरोपी

बलौदाबाजार एसपी ओमप्रकाश शर्मा के निर्देशन में पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए संदिग्धों की घेराबंदी शुरू की. आखिरकार संतोष देवार उर्फ विश्वकर्मा को हिरासत में लिया गया. पूछताछ में आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर चोरी करने की बात कबूल कर ली है.पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी का करीब 20 हजार रुपए कीमत का केबल वायर बरामद किया है. इसके साथ ही चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार भी जब्त किए गए हैं. हालांकि अभी भी अधिकांश चोरी का सामान बरामद नहीं हो सका है, जिसे लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है.चोरी में शामिल दूसरा आरोपी फिलहाल फरार है. पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है.

छत्तीसगढ़ शराब घोटाला, ईडी रेड में बड़ा खुलासा, 53 लाख रुपये कैश और करोड़ों के गहने जब्त

3 लोगों ने साथ में की शराब पार्टी फिर मामूली विवाद बना हत्या की वजह, धमतरी पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार