पाकुड़ में सिविल सर्जन के बंद मकान में चोरी, चोरों ने नल और इलेक्ट्रिक वायरिंग को भी नहीं छोड़ा
पाकुड़ में एक सिविल सर्जन के बंद घर में चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है.

Published : December 23, 2025 at 8:38 PM IST
|Updated : December 23, 2025 at 8:54 PM IST
पाकुड़: शहरी क्षेत्र में चोरों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि सोना, चांदी व पैसे के अलावा घर में लगे नल एवं इलेक्ट्रिक वायरिंग को भी उखाड़ ले जाने लगे हैं. शहरी क्षेत्र में बढ़ी चोरी की घटना से इन दिनों आम लोगों के साथ-साथ खास लोग भी आतंकित है. लोगों में भय का महौल बना हुआ है कि कहीं उनके घर में भी चोर हाथ साफ न कर दे. ऐसा ही एक मामला मंगलवार को शहरी क्षेत्र के बैंक कॉलोनी में देखने को मिला है.
घर की हालत देख रिश्तेदार के उड़े होश
पश्चिम बंगाल के कोलकाता में सिविल सर्जन के रूप में पदस्थापित डॉ जयंतो शुक्ला बीते तीन माह से अपने परिजन के साथ कोलकाता में हैं. पाकुड़ जिला मुख्यालय के बैंक कॉलोनी स्थित उनका मकान बंद था. मंगलवार को आसपास के लोगों ने डॉ शुक्ला के परिजन को यह सूचना दी कि उनके घर में चोरी हुई है. सूचना मिलते ही डॉक्टर के रिश्तेदार मनोजीत पांडेय पहुंचे. रिश्तेदार के घर की हालात देख होश उड़ गए.
मनोजीत पांडेय ने बताया कि चोरों ने घर की अलमारी में रखे सामान ही नहीं बल्कि फ्रिज, एसी, वाशिंग मशीन के मोटर और कंप्रेशर के साथ-साथ किचन, बाथरूम में लगे नल, इलेक्ट्रिक वायरिंग भी उखाड़ ले गए हैं. उन्होंने बताया कि अलमारी में कपड़ा के अलावा और क्या-क्या था, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है. उन्होंने बताया कि अपने दीदी और जीजा से जानकारी ले रहे हैं.
जांच में जुटी पुलिस
मनोजीत ने घटना की जानकारी नगर थाने को दी. सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस पहुंची और जांच शुरू कर दी. इधर स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व में शहरी क्षेत्र में चोरी की कई घटनाएं घटी हैं. लेकिन चोरों ने जिस तरह से सिविल सर्जन के घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया है. वह कभी न तो सुना और न ही देखा है. मामले को लेकर नगर थाना प्रभारी बबलू कुमार ने बताया कि शिकायत मिली है, पुलिस घटना का अनुसंधान कर रही है.
ये भी पढ़ें: ट्रेनों में यात्रियों को बनाते थे निशाना, धनबाद रेल पुलिस के हत्थे चढ़े 4 अपराधी
चतरा में वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया

