पति पत्नी निकले करोड़ों का चोर, आईफोन से शुरू हुई चोरी सोने के बिस्किट गायब करने तक पहुंची
आरोपिया अक्सर पीड़ित के घर आया जाया करती थी, तभी उसकी नजर कीमती सामानों पर पड़ी.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 9, 2026 at 5:14 PM IST
जशपुर: फर्ज करिए किसी के घर में लाखों की चोरी हो जाए और चोर का अता पता न लगे, तब फरियादी थाने के चक्कर काट काटकर परेशान हो जाता है. वो ये पता लगाने की कोशिश करता है, कि आखिर किसने उसके सुरक्षित घर में सेंधमारी की. ऐसे में जब फरियादी को ये पता चले की उसके घर में लाखों की चोरी करने वाला कोई और नहीं उसका सगा है, तो उसका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच जाना स्वभाविक है.
जी हां, कुछ ऐसा ही हुआ है जशपुर जिले के नारायणपुर में, जहां ग्राम केराडीह के रैनीडांड में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया. चोरी की ये वारदात आरटीओ विभाग के अफसर के घर हुई थी.
भतीजी निकली मास्टरमाइंड
पुलिस ने चोरी की इस वारदात को सुलझाने के बाद पूरे मामले का प्रेस कांफ्रेंस कर खुलासा किया. पुलिस ने चोरी की वारदात में शामिल कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पूछताछ के बाद सभी को जेल भेज दिया गया है. जबकि फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.

आरटीओ अफसर के घर हुई थी चोरी
जशपुर पुलिस के मुताबिक 6 दिसंबर 2025 को प्रार्थिया सुषमा निकुंज ने थाना नारायणपुर में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. रिपोर्ट में बताया कि उनके केराडीह रैनीडांड स्थित पुराने मकान में अज्ञात लोगों द्वारा चोरी की गई है. रिपोर्ट में बताया गया कि घर के अंदर कमरे का कुंडा टूटा हुआ था, दीवान में रखी अटैची से लगभग 15 लाख नगद, सोने की बिस्किट और अन्य जेवरात चोर चोरी कर ले गए. चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत उस समय 35 लाख रुपये से अधिक आंकी गई.
पुलिस जांच में खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया कि प्रार्थिया की भतीजी जो जशपुर में पढ़ाई के दौरान किराए के मकान में रह रही थी, घटना से पहले घर आती-जाती रहती थी. संदेह के आधार पर जब उससे पूछताछ की गई, तो उसने अपने बॉयफ्रेंड और अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया.

आईफोन से शुरू हुई चोरी, 5 करोड़ तक पहुंची रकम
पुलिस पूछताछ में आरोपिया ने बताया कि उसने आईफोन खरीदने के लालच में चोरी की शुरुआत की.उसने स्वीकार किया कि उसने सबसे पहले 2 लाख रुपये नगद चोरी किए इसके बाद 3 लाख रुपये और घर से गायब किए. चोरी गए रकम की जानकारी जब घरवालों को नहीं हुई तो उसने घर में रखे सोने के बिस्किट और बड़ी रकम पर भी हाथ साफ कर दिया.
थाना नारायणपुर क्षेत्र में आरटीओ विभाग के अधिकारी के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से नगद, सोना, मोबाइल फोन और हरियर कार सहित 51 लाख रुपये से अधिक का माल बरामद किया गया: शशि मोहन सिंह,एसएसपी
आरोपिया ने कबूला अपना गुनाह
आरोपिया ने यह भी कबूल किया कि इस तरह अलग-अलग तारीखों में की गई चोरी की कुल रकम लगभग 5 करोड़ रुपये तक पहुंच गई, जिसे उसके दोस्तों और बॉयफ्रेंड/पति ने मिलकर महंगी शराब, पार्टियों और ऐशो-आराम में खर्च कर दिया. आरोपी के मुताबिक उसने कुछ सोने की बिस्किट अपने किराए के मकान में रखी थी, जिन्हें बाद में किसी अन्य अज्ञात चोर ने चोरी कर लिया.
रायपुर और भिलाई में पार्टी, राउरकेला में बेची सोने की बिस्किट
आरोपी अनिल प्रधान ने बताया कि पीड़ित के घर से उनकी भतीजी ने ही सोना और पैसे चोरी कर लाए थे. उसी पैसों से आईफोन खरीदा गया. इसके बाद हम लोग रायपुर और भिलाई गए, जहां लगभग तीन दिनों तक पार्टी चली. महंगी शराब और होटलों में करीब 5 लाख रुपये खर्च कर दिए गए. आरोपी अनिल ने बताया कि
रायपुर से लौटने के बाद हम लोग सोना बेचने के लिए ओडिशा के राउरकेला गए, जहां सोने की बिस्किट बेचने के बाद मिले पैसों से नगद में हैरियर कार खरीदी.
रांची से गिरफ्तारी, अन्य आरोपी भी जेल भेजे गए
घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे. तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने 14 दिसंबर 2025 को रांची के एक होटल से आरोपी भतीजी और अनिल प्रधान को गिरफ्तार किया. इसके बाद मामले से जुड़े अन्य आरोपी अभिषेक इंद्रवार, लंकेश्वर बड़ाईक और अलीशा भगत को भी अलग-अलग दिनों में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया.
51 लाख से अधिक का माल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से1 कार, 86,300 नगद 100, 50 और 20 ग्राम की सोने की बिस्किट,सोने का कड़ा और मंगलसूत्र,1 आईफोन और 4 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए.पुलिस के अनुसार जब्त किए गए माल की वर्तमान कीमत लगभग 51 लाख 82 हजार 300 है.

