रेवाड़ी के मंदिर में बदमाशों ने किया हाथ साफ, चांदी के 6 छत्र समेत कैश लेकर फरार, CCTV खंगाल रही पुलिस
रेवाड़ी में एक मंदिर में चोरी का मामला सामने आया है. बदमाशों ने लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया. पुलिस जांच में जुटी.


Published : January 6, 2026 at 3:05 PM IST
रेवाड़ी: हरियाणा के रेवाड़ी में बदमाशों ने एक मंदिर पर हाथ साफ किया. बदमाशों ने बावल क्षेत्र के गांव रायपुर के बाबा बड़देव मंदिर में सेंध लगाकर, सोमवार की रात करीब 3 लाख रुपये के चांदी के छत्र व हजारों रुपये नकदी की चोरी को अंजाम दिया. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है.
मंदिर में चोरी की वारदात: मंदिर में रात के समय पंडित सत्यनारायण पुजारी रहते हैं. जो मंदिर में बने एक कमरे में ही रहते हैं. मंगलवार सुबह गांव का एक व्यक्ति मंदिर में माथा टेकने को लिए गया तो कमरे की खिड़की टूटी हुई थी. उसने आवाज लगाकर पुजारी को जगाया. पुजारी ने मंदिर में देखा तो सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था. चोर मंदिर से चांदी के 6 छत्र, करीब 60 हजार रुपये की नगदी और मूर्ति के सामने रखी नगदी लेकर फरार हो गए.
जांच में जुटी पुलिस: मामले की सूचना पुलिस को दी गई, तो पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई. मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला जा रहा है. बावल थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि "मंदिर में चोरी की सूचना मिली थी. मंदिर का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया गया है. मौके पर टीम पहुंची और सीसीटीवी को भी खंगाला जा रहा है. जल्दी चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा".

