लोहरदगा में मोबाइल दुकान में चोरी, लाखों के मोबाइल और कैश ले उड़े चोर
लोहरदगा में मोबाइल दुकान में चोरी का मामला प्रकाश में आया है. दुकानदार के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.

Published : December 31, 2025 at 6:47 PM IST
लोहरदगा: जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र में चोरी की बड़ी वारदात हुई है. अज्ञात चोरों ने एक मोबाइल दुकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया है. चोरों ने लाखों रुपये के मोबाइल फोन पर हाथ साफ किया है. साथ में दुकान में रखे नगद भी उड़ा ले गए. मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है. पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है.
169 स्मार्टफोन और 43 हजार रुपये नगद की चोरी
सेन्हा थाना क्षेत्र के बक्सीडीपा के समीप मुकेश कुमार के मोबाइल दुकान में अज्ञात चोरों ने मंगलवार रात चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. इस मामले को लेकर सेन्हा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है. चोरों ने दुकान के शटर का लॉक तोड़कर लाखों रुपये के मोबाइल फोन और नगदी की चोरी की है.
दुकान संचालक के आवेदन पर एफआईआर दर्ज
दुकान संचालक मुकेश कुमार के आवेदन पर सेन्हा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है. जिसमें उन्होंने बताया है कि मंगलवार रात वह दुकान बंद कर अपने घर में सोने के लिए चले गए थे. जब वह बुधवार की सुबह दुकान पहुंचे तो उन्होंने शटर टूटा हुआ पाया. दुकान में अंदर जाकर देखा तो पता चला कि विभिन्न कंपनियों के कुल 169 पीस मोबाइल फोन चोरी हो गए हैं.

जिनकी कीमत 31 लाख 35 हजार 183 रुपये हैं. साथ ही दुकान में रखे हुए 43,490 रुपये भी गायब थे. मुकेश के आवेदन पर सेन्हा थाने में कांड संख्या 140/25 दर्ज की गई है. एसपी सादिक अनवर रिजवी के निर्देश पर डीएसपी सुधीर प्रसाद साहू ने घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच की है.
“एक मोबाइल दुकान में चोरी की घटना हुई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. इस घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.”-सादिक अनवर रिजवी, एसपी, लोहरदगा
ये भी पढ़ें-
लातेहार में बकरी चोरी के आरोप में दो युवकों को रस्सी से बांधकर पीटा, पुलिस ने कराया मुक्त
पढ़ाई के बाद नहीं मिली नौकरी तो चुराने लगा मोबाइल, दुमका पुलिस के शिकंजे में आया बिहार का शातिर
पाकुड़ में 3 शातिर अपराधी गिरफ्तार, चोरी का सामान सहित कई औजार भी बरामद

