10 दिन बाद भी नहीं हुआ माजीसा मंदिर में चोरी की वारदात का खुलासा, आक्रोशित श्रद्धालु उतरे सड़कों पर
प्रदर्शनकारी श्रद्धालुओं ने कहा कि अगर तीन दिन में वारदात का खुलासा नहीं किया गया, तो आंदोलन किया जाएगा.


Published : January 9, 2026 at 4:05 PM IST
बाड़मेर: शहर के जूना केराडु मार्ग स्थित माजीसा धाम मंदिर में 10 दिन पहले हुई चोरी की घटना का पुलिस द्वारा खुलासा नहीं किए जाने के चलते श्रद्धालुओं ने शुक्रवार को आक्रोश रैली निकालकर प्रदर्शन किया. मंदिर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हाथों में तख्तियां-बैनर लेकर रैली के रूप में मुख्य बाजार होते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया.
पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष स्वरूप सिंह खारा, एडवोकेट मुकेश जैन, पूर्व सभापति लूणकरण बोथरा के साथ प्रतिनिधि मंडल ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेंद्र सिंह चांदावत और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य को ज्ञापन सौंपकर मंदिर में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करने की मांग की. खारा ने बताया कि शहर के माजीसा में बीते दिनों चोरी की घटना हुई थी. मामले में पुलिस ने जल्द ही चोरी की वारदात का खुलासा करने का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक कोई आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ. आज पुलिस और प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही चोरी की वारदात का खुलासा करेंगे. एडवोकेट मुकेश जैन ने बताया कि 28 दिसंबर की रात को मंदिर से सोने के आभूषण चोरी हुए. घटना के 10 दिन होने के बाद भी पुलिस चोरों का पता नहीं लगा पाई है.
पढ़ें: बाड़मेर के माजीसा मंदिर में लाखों की चोरी, CCTV में दिखे तीन नकाबपोश चोर
एडवोकेट मुकेश जैन ने बताया कि मंदिर से जुड़े श्रद्धालुओं में इसे लेकर आक्रोश है. आज आक्रोश रैली निकालकर ज्ञापन सौंपा है. पुलिस ने जल्द चोरी का खुलासा करने का आश्वासन दिया है. उन्होंने कहा कि तीन दिन में अगर चोरी का खुलासा नहीं होता है, तो धरना प्रदर्शन किया जाएगा. गुड्डी देवी और उषा जैन ने बताया कि हम लोग चाहते हैं कि मंदिर में हुई चोरी की वारदात का जल्द खुलासा किया जाए. बाड़मेर उपाधीक्षक रमेश कुमार शर्मा ने ज्ञापन देने आए लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि पुलिस इस पूरे मामले की जांच पड़ताल में लगी हुई है. जल्द ही चोरों का पता लगाकर पूरी वारदात का खुलासा किया जाएगा.

