ETV Bharat / state

दिनदहाड़े ज्वेलर्स में उठाईगिरी, मास्क लगाकर ग्राहक बनकर आया चोर, लाखों के जेवर लेकर भागा

बलौदाबाजार में चोर और अपराधी अब खुलेआम वारदात को अंजाम देने में नहीं डर रहे हैं.

BALODABAZAR
बलौदाबाजार चोरी (ETV Bharat Chhattisgarh)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : January 8, 2026 at 9:10 AM IST

|

Updated : January 8, 2026 at 10:37 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

बलौदाबाजार: जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद होते जा रहे हैं कि अब दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाया जा रहा है. पलारी थाना क्षेत्र के रोहंसी रोड स्थित दिलीप ज्वेलर्स में बुधवार शाम एक शातिर चोर ने ग्राहक बनकर प्रवेश किया और मौका मिलते ही लाखों रुपये के सोने के जेवरात लेकर फरार होने की कोशिश की.

पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सामने आया है. हालांकि इस घटना में दुकान के कर्मचारी की सतर्कता और सूझबूझ के चलते बड़ी चोरी होने से बच गई, लेकिन इस वारदात ने एक बार फिर जिले की सुरक्षा व्यवस्था और व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है.

बलौदाबाजार में ज्वेलरी दुकान में चोरी का सीसीटीवी फुटेज (ETV Bharat Chhattisgarh)

मास्क लगाकर आया, ग्राहक बनकर की रेकी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी मुंह में मास्क लगाए हुए शाम के समय दिलीप ज्वेलर्स पहुंचा. उसकी गतिविधियों से शुरुआत में किसी को शक नहीं हुआ, क्योंकि वह सामान्य ग्राहक की तरह जेवर देखने लगा. आरोपी काफी देर तक दुकान में मौजूद रहा और इधर-उधर नजरें घुमाकर पूरी स्थिति को भांपता रहा. बताया जा रहा है कि दुकान में उस वक्त सामान्य भीड़ थी और इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देने की कोशिश की.

मौका मिलते ही जेवरात उठाकर भागा

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि जैसे ही आरोपी को लगा कि दुकान के सभी कर्मचारी किसी अन्य ग्राहक में व्यस्त हैं, उसने काउंटर पर रखे सोने के जेवरात पर हाथ साफ कर लिया. आरोपी ने बिना समय गंवाए जेवरात उठाए और तेजी से दुकान से बाहर निकलने लगा.

कर्मचारी की सतर्कता से टली बड़ी चोरी

जैसे ही आरोपी दुकान से बाहर की ओर भागा, दुकान में काम रने वाले कर्मचारी महेंद्र साहू ने तुरंत आरोपी का पीछा किया. कर्मचारी को पीछे आते देख आरोपी घबरा गया. घबराहट में आरोपी ने चोरी किए गए सोने के जेवरात मौके पर ही छोड़ दिए और जान बचाकर फरार हो गया. कर्मचारी की तत्परता और साहस के चलते दुकान को लाखों रुपये के नुकसान से बचा लिया गया.

CCTV में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम

पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है. फुटेज में आरोपी की हर हरकत साफ दिखाई दे रही है, जिसमें उसका दुकान में प्रवेश करना, रेकी करना, चोरी करना और फिर भागना शामिल है.

पुलिस को दी गई सूचना, तलाश जारी

घटना की जानकारी तुरंत पलारी थाना पुलिस को दी गई, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने दुकान संचालक और कर्मचारियों से पूछताछ की है. पलारी थाना पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. आसपास के इलाकों में लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी के भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके.

व्यापारियों में बढ़ी चिंता

इस घटना के बाद रोहंसी रोड सहित आसपास के व्यापारियों में चिंता का माहौल है. ज्वेलरी दुकान जैसे संवेदनशील प्रतिष्ठानों में दिनदहाड़े चोरी की कोशिश होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है. स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि त्योहारों और शादी-ब्याह के सीजन में ज्वेलरी दुकानों में भीड़ बढ़ जाती है, ऐसे में पुलिस गश्त और निगरानी और सख्त होनी चाहिए.

धमतरी में लाखों का गांजा पकड़ाया, स्कूटी और बाइक से स्मगलिंग, दो गिरफ्तार, एक फरार
रायपुर में 18 साल की युवती ने की आत्महत्या, मिला सुसाइड नोट
जरा ढंग से चलाओ बाइक, बोलते ही बुजुर्ग की युवक ने कर डाली हत्या, छत्तीसगढ़ में खौफनाक मर्डर
Last Updated : January 8, 2026 at 10:37 AM IST