ETV Bharat / state

उत्तराखंड के सामने 2027 में तीन बड़ी चुनौतियां, इन आयोजनों से सरकारी मशीनरी पर रहेगा भारी दबाव

साल 2027 की शुरुआत उत्तराखंड के लिए तीन चुनौतियों के साथ होगी. अर्धकुंभ, चुनाव और जनगणना

Uttarakhand 2027 Assembly Elections
उत्तराखंड के सामने 2027 में तीन बड़ी चुनौतियां (PHOTO- ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttarakhand Team

Published : February 24, 2026 at 11:00 AM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

देहरादून: उत्तराखंड के लिए आने वाले दिनों में तीन बड़ी चुनौतियां दिखाई दे रही हैं. इसमें पहली परीक्षा विधानसभा चुनाव को निर्विवाद पूरा कराने की होगी तो दूसरी अर्धकुंभ के आयोजन और तीसरी जनगणना के काम को लेकर रहेगी. हालांकि इसके लिए अभी 1 साल का वक्त बाकी है. लेकिन इन आयोजनों के एक साथ होने के चलते अभी से इन पर मंथन शुरू कर दिया गया है.

उत्तराखंड के लिए आने वाला साल 2027 केवल एक कैलेंडर ईयर नहीं, बल्कि प्रशासनिक, राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर एक बड़ी अग्निपरीक्षा साबित होने जा रहा है. वजह साफ है, एक ही साल में विधानसभा चुनाव, अर्धकुंभ मेले का आयोजन और जनगणना जैसे तीन विशाल और संवेदनशील कार्यक्रमों का होना. इन तीनों आयोजनों का एक साथ होना राज्य के प्रशासनिक तंत्र पर असाधारण दबाव डालने वाला है. यही कारण है कि सरकार ने अभी से इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं.

उत्तराखंड के सामने 2027 में तीन बड़ी चुनौतियां (PHOTO-ETV Bharat)

सामने होंगी तीन चुनौतियां: राज्य में 70 विधानसभा सीटों के लिए होने वाले चुनाव 2027 के फरवरी, मार्च महीने में प्रस्तावित हैं. इसी दौरान हरिद्वार में अर्धकुंभ मेले का आयोजन भी होना है. जहां देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना रहती है. इसके साथ ही भारत सरकार की महत्वाकांक्षी जनगणना प्रक्रिया भी इसी समय के आसपास शुरू की जानी है. ऐसे में मानव संसाधन, सुरक्षा व्यवस्था, लॉजिस्टिक्स और प्रशासनिक समन्वय सबसे बड़ी चुनौती बनकर सामने आ रहे हैं.

सीएस ने की बैठकें: इन्हीं चुनौतियों को देखते हुए उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कई दौर की बैठकों में मंथन किया है. इन बैठकों में इस बात पर विस्तार से चर्चा हुई कि कैसे इन तीनों बड़े आयोजनों को एक-दूसरे से प्रभावित हुए बिना सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके. सरकार का विशेष फोकस मानव संसाधन के बेहतर प्रबंधन पर है. ताकि चुनाव, कुंभ और जनगणना, तीनों के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां तय की जा सकें.

कुंभ मेला: कुंभ मेला अपने आप में एक विशाल आयोजन होता है. धार्मिक आस्था से जुड़े इस महापर्व में करोड़ों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं. इसके लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल, अर्धसैनिक बल, स्वास्थ्य सेवाएं, ट्रैफिक मैनेजमेंट और आपदा प्रबंधन की जरूरत पड़ती है. अक्सर उत्तराखंड को अन्य राज्यों से भी सुरक्षा बलों की मदद लेनी पड़ती है. ताकि कानून-व्यवस्था और यातायात को सुचारू रखा जा सके. इस बार चुनौती इसलिए भी बड़ी है, क्योंकि उसी समय विधानसभा चुनाव भी होने हैं, जिनमें सुरक्षा बलों की मांग पहले से ही बहुत अधिक रहती है.

केवल चुनाव और कुंभ ही नहीं, बल्कि जनगणना भी राज्य के लिए एक बड़ी प्रशासनिक जिम्मेदारी है. इस प्रक्रिया में बड़ी संख्या में सरकारी कर्मचारियों की तैनाती की जाती है. घर-घर जाकर आंकड़े इकट्ठा करना, डेटा का सत्यापन और समयबद्ध रिपोर्टिंग, यह सब एक सुव्यवस्थित मशीनरी की मांग करता है. ऐसे में एक ही समय पर तीन-तीन बड़े कार्यों को संभालना किसी परीक्षा से कम नहीं है.

मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने बताया कि,

अब समय के साथ तकनीक का उपयोग भी तेजी से बढ़ा है. कुंभ आयोजन में डिजिटल मॉनिटरिंग, सीसीटीवी नेटवर्क, ड्रोन सर्विलांस और ऑनलाइन कंट्रोल रूम जैसी व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जा रहा है. वे खुद अपने कार्यालय से तैयारियों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग कर रहे हैं, ताकि किसी भी स्तर पर चूक न हो.

सरकार का लक्ष्य है कि समय रहते सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं और तीनों आयोजनों को व्यवस्थित, सुरक्षित और सफल बनाया जाए. 2027 का साल उत्तराखंड के लिए राजनीतिक रूप से लोकतंत्र की मजबूती, धार्मिक रूप से आस्था के विशाल प्रदर्शन और संवैधानिक रूप से जनगणना जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया का साक्षी बनेगा. ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि यह साल उत्तराखंड के प्रशासनिक तंत्र के लिए एक बड़ी और निर्णायक परीक्षा साबित होने वाला है.
-आनंद वर्धन, मुख्य सचिव, उत्तराखंड-

ये भी पढ़ें: