SI भर्ती: SOG ने डमी अभ्यर्थी मुहैया करवाने वाले निलंबित शिक्षक को किया गिरफ्तार
1 फरवरी, 2024 को एसआई भर्ती-2021 के संबंध में एसओजी में मुकदमा दर्ज किया गया था.

Published : January 5, 2026 at 8:19 PM IST
जयपुरः राजस्थान पुलिस में उपनिरीक्षक (एसआई) के पद पर भर्ती के लिए हुई एसआई भर्ती-2021 के पेपर लीक और डमी अभ्यर्थी बिठाने के मामले में एसओजी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक निलंबित शिक्षक सुनील कुमार विश्नोई को गिरफ्तार किया है. इस मामले में सबसे पहले पकड़े गए डालूराम मीणा की जगह हरसनराम देवासी को डमी अभ्यर्थी के रूप में परीक्षा दिलवाने की व्यवस्था सुनील ने ही की थी.
उसने पीटीआई भर्ती-2022 में भी अशोक पटेल के स्थान पर उम्मेद सिंह को डमी अभ्यर्थी बनाकर परीक्षा में बिठाया और बदले में मोटी रकम वसूली थी. इस मामले में उसे पहले भी एसओजी गिरफ्तार कर चुकी है.
पढ़ेंः वनरक्षक भर्ती पेपर लीक: अकाउंटेंट जीजा से पेपर पढ़कर साला बना फॉरेस्ट गार्ड, दोनों गिरफ्तार
सिरोही डीईओ ऑफिस में था कार्यरतः एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने बताया, एसआई भर्ती-2021 में चयनित अभ्यर्थी डालूराम मीणा की जगह हरसनराम देवासी को डमी अभ्यर्थी के रूप में परीक्षा दिलवाने की व्यवस्था सुनील कुमार विश्नोई ने की थी. उसे गिरफ्तार किया गया है. उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ जारी है. उन्होंने बताया, आरोपी सांकड़ा (जालोर) का रहने वाला है. वह हिंदी विषय का शिक्षक (ग्रेड-2) है, जो सिरोही के जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कार्यरत था. फिलहाल, वह निलंबित है.
पहले भी हो चुका है गिरफ्तारः उन्होंने बताया कि 1 फरवरी, 2024 को एसआई भर्ती-2021 के संबंध में एसओजी में मुकदमा दर्ज किया गया था. इस मामले में डालूराम मीणा और हरसनराम देवासी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है. अब सुनील कुमार विश्नोई को गिरफ्तार किया गया है. उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ जारी है. वह शारीरिक शिक्षक (पीटीआई) भर्ती-2022 में चयनित अभ्यर्थी अशोक पटेल को उम्मेद सिंह के रूप में डमी अभ्यर्थी मुहैया करवाने के मामले में भी पहले गिरफ्तार हो चुका है.

