चंडीगढ़ में 15 जून से शुरू होगी SIR की प्रक्रिया, घर-घर जायेंगे बीएलओ
15 जून से चंडीगढ़ में घर-घर बीएलओ जायेंगे और SIR का फार्म भरवायेंगे.

Published : May 26, 2026 at 8:25 PM IST
चंडीगढ़: मतदाता सूची को अपडेट और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन की ओर से चंडीगढ़ में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) शुरू किया जायेगा. इस अभियान के तहत बीएलओर 15 जून से घर-घर जाकर मतदाताओं के रिकॉर्ड की जांच करेंगी और जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन करेंगे.
21 जुलाई से 20 अगस्त तक आपत्तियां दर्ज कराने का मौकाः जानकारी के अनुसार, पूरी प्रक्रिया के दौरान बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) तीन बार घर-घर विजिट करेंगे, ताकि कोई भी पात्र मतदाता वोटर लिस्ट से बाहर न रह जाए. वहीं, 21 जुलाई से 20 अगस्त तक नागरिक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करवा सकेंगे. चुनाव विभाग के मुताबिक, चंडीगढ़ में इससे पहले वर्ष 2002 में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान चलाया गया था. अब दोबारा इस विशेष अभियान के जरिए मतदाता सूची को पूरी तरह अपडेट करने की तैयारी की जा रही है."
निर्धारित दस्तावेज करना होगा जमा: जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत यादव ने बताया कि "अभियान के दौरान शहर की विभिन्न राजनीतिक पार्टियों और उनके प्रतिनिधियों से भी बातचीत की जाएगी, ताकि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके. मतदाता सत्यापन के लिए कुछ जरूरी दस्तावेज निर्धारित किए गए हैं. इनमें 10वीं कक्षा का प्रमाण पत्र, डोमिसाइल प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र और पासपोर्ट जैसे दस्तावेज शामिल हैं."
वोटर लिस्ट बनेगा सटीक: चंडीगढ़ के उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत यादव ने कहा कि "प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही तरीके से दर्ज हो. इस विशेष अभियान के जरिए वोटर लिस्ट को अधिक सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाया जाएगा, ताकि कोई भी योग्य मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे."

