RAS प्रारंभिक परीक्षा 6 दिसंबर को, मुख्य परीक्षा अगले साल
इन सभी परीक्षाओं का विस्तृत कार्यक्रम बाद में जारी किया जाएगा.

Published : July 2, 2026 at 8:50 PM IST
अजमेरः राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से प्रशासनिक कारणों से दो भर्ती परीक्षाओं के कार्यक्रम में आंशिक संशोधन किया गया है. राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी (प्रारंभिक) परीक्षा 2026 पूर्व निर्धारित तिथि 29 नवंबर 2026 के स्थान पर 6 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी. इस भर्ती परीक्षा के तहत मुख्य परीक्षा का आयोजन 1 से 2 मई 2027 तक किया जाना भी प्रस्तावित है.
आरपीएससी के मुख्य सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि आरएएस भर्ती 2026 की तरह प्राध्यापक-विशेष शिक्षा (माध्यमिक शिक्षा विभाग) प्रतियोगी परीक्षा, 2026 का आयोजन 8 दिसंबर को किया जाना प्रस्तावित है. मेहता ने बताया कि पूर्व में इस परीक्षा का आयोजन 6 दिसंबर को प्रस्तावित था. इनके अतिरिक्त आयोग की ओर से सहायक अभियोजन अधिकारी (मुख्य) परीक्षा 2026 का आयोजन 27 दिसंबर को प्रस्तावित किया गया है. इन सभी परीक्षाओं का विस्तृत कार्यक्रम यथासमय जारी कर दिया जाएगा.
विभिन्न पदों का साक्षात्कार कार्यक्रम जारीः आयोग के सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि गुरुवार को आयोग की ओर से विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है. इसके तहत सहायक आचार्य (संस्कृत शिक्षा विभाग) सहित अन्य भर्तियों के साक्षात्कार 17 से 30 जुलाई तक निर्धारित कार्यक्रम अनुसार आयोजित किए जाएंगे.
यह रहेगा साक्षात्कार कार्यक्रम
संस्कृत शिक्षा विभाग (सहायक आचार्य भर्ती - 2024) के इन विषयों का साक्षात्कार कार्यक्रम
- योग विज्ञान: 17 जुलाई 2026
- भाषा विज्ञान: 17 जुलाई 2026
- राजनीति विज्ञान: 20 जुलाई 2026
- सामान्य संस्कृत: 21 से 23 जुलाई 2026 तक
- व्याकरण: 24 जुलाई 2026
- साहित्य: 27 व 28 जुलाई 2026
- इतिहास: 29 व 30 जुलाई 2026
अन्य भर्तियों का साक्षात्कार कार्यक्रम:
- सहायक आचार्य - साइकेट्री (चिकित्सा शिक्षा विभाग, 2024): 20 जुलाई 2026
- लाइब्रेरियन (कॉलेज शिक्षा विभाग, 2023 - चतुर्थ चरण): 21 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक
- सहायक आचार्य - हिस्ट्री (कॉलेज शिक्षा विभाग, 2023 - ग्यारहवां चरण): 21 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक
साथ लाने होंगे यह दस्तावेजः मेहता ने बताया कि साक्षात्कार के समय सभी अभ्यर्थी नवीनतम पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो, नवीनतम स्पष्ट फोटोयुक्त मूल पहचान-पत्र और सभी मूल प्रमाण-पत्र मय फोटोकॉपी के साथ उपस्थित होना सुनिश्चित करें. इसके बिना साक्षात्कार से वंचित कर दिया जाएगा. अभ्यर्थियों के साक्षात्कार पत्र आयोग की वेबसाइट पर जल्द अपलोड कर दिए जाएंगे.

